Delhi Pollution के लिए अरविंद केजरीवाल जिम्मेदार?, एलजी वीके सक्सेना ने अपने पत्र में क्या लिखा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (23 December 2025): दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को एक पत्र लिखते हुए राजधानी में प्रदूषण की स्थिति के लिए सीधे तौर पर उन्हें जिम्मेदार ठहराया। एलजी ने लिखा कि 11 वर्षों तक सत्ता में रहते हुए केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों के कल्याण के लिए कुछ नहीं किया और अब 10 महीने पुरानी सरकार के प्रयासों का मजाक उड़ाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल खुद सामने आने के बजाय पार्टी नेताओं को आगे कर रहे हैं और पंजाब जाकर बस गए हैं।
एलजी सक्सेना ने पत्र में कहा कि यदि केजरीवाल ने अपने लंबे कार्यकाल में ठोस कदम उठाए होते तो आज दिल्ली की वायु गुणवत्ता इतनी खराब नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दे को केजरीवाल सरकार ने कभी प्राथमिकता नहीं दी और केवल बयानबाजी तक सीमित रही। सक्सेना के मुताबिक, दिल्ली में वायु प्रदूषण की भयावह स्थिति के लिए बीते 11 वर्षों की निष्क्रियता मुख्य रूप से जिम्मेदार है।
एलजी ने अरविंद केजरीवाल के पुराने बयानों का भी जिक्र किया और कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए जब प्रदूषण पर चर्चा होती थी, तो केजरीवाल इसे 15–20 दिन का “शोर” बताकर टाल देते थे। सक्सेना ने लिखा कि केजरीवाल का मानना था कि कुछ दिनों बाद मीडिया और एनजीओ भी इस मुद्दे को भूल जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल केवल बड़े-बड़े ऐलान करते रहे, लेकिन जमीन पर कोई ठोस काम नहीं हुआ।
अपने पत्र में वीके सक्सेना ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव हारने के बाद केजरीवाल ने उनका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। उन्होंने लिखा कि दीवाली पर शुभकामनाएं देने के लिए जब उन्होंने कॉल किया, तब उन्हें पता चला कि उनका नंबर ब्लॉक किया गया है। इसके अलावा 15 पन्नों के पत्र में एलजी ने आरोप लगाया कि AAP नेतृत्व राजनीतिक लाभ के लिए 10 महीने पुरानी सरकार के कामकाज में अनावश्यक बाधाएं डाल रहा है, जबकि मौजूदा सरकार पिछली गलतियों को सुधारने की कोशिश कर रही है।
एलजी वीके सक्सेना ने यह भी दावा किया कि विधानसभा चुनावों में करारी हार के बावजूद केजरीवाल और उनकी पार्टी ने कोई सबक नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP आज भी छोटी राजनीति और झूठ फैलाने में लगी हुई है। पत्र में यह भी कहा गया कि पिछली सरकार ने धूल नियंत्रण जैसे अहम मुद्दों पर कोई कदम नहीं उठाया, जबकि दिल्ली के प्रदूषण में धूल की बड़ी भूमिका है। साथ ही, साप्ताहिक कैबिनेट बैठकों की परंपरा खत्म करने और बिना चर्चा के फैसले लेने का आरोप भी लगाया गया।
इस पूरे मामले पर AAP की ओर से प्रतिक्रिया देते हुए AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि, एलजी का काम ही केजरीवाल के खिलाफ कार्रवाई करना और पत्र लिखना रह गया है। संजय सिंह ने कहा, “बीजेपी ने उन्हें इसी काम के लिए बनाया है। केजरीवाल सत्ता में थे तब भी वे उनके खिलाफ काम करते थे और अब भी वही कर रहे हैं।” फिलहाल इस पत्र को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।