जंगपुरा विधानसभा में आने वाले 5 सालों में होगा भारी बदलाव: मनीष सिसोदिया

 

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (12 जनवरी2025) : निजामुद्दीन ईस्ट कॉलोनी में आज एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी मेजबानी कॉलोनी के अध्यक्ष संदीप मेहरा ने की। इस कार्यक्रम में जंगपुरा विधानसभा से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मनीष सिसोदिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में RWA (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) के प्रमुख सदस्यों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में मनीष सिसोदिया ने जनता के सीधे सवालों का बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने शिक्षा और विकास के क्षेत्र में अपने पिछले कार्यकाल के अनुभव और उपलब्धियों को साझा करते हुए अपना विजन जनता के सामने रखा।


मनीष सिसोदिया ने टेन न्यूज़ से विशेष बातचीत में बताया, “जंगपुरा विधानसभा में मुकाबला काम बनाम गाली-गलौज का है। मैं अपने काम गिनाता हूं और जनता के सवालों का जवाब देता हूं, जबकि अन्य पार्टियां सिर्फ गाली-गलौज में व्यस्त रहती हैं।”

उन्होंने कहा, “फरहाद सूरी या मारवाह साहब जैसे उम्मीदवार लोकतंत्र के तहत चुनाव लड़ रहे हैं। मैं व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करता, लेकिन मेरे पास शिक्षा और विकास के क्षेत्र में किए गए कार्य बताने के लिए हैं। कांग्रेस सरकार से जो खस्ताहाल स्कूल हमें मिले थे, उन्हें हमने बदलकर नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया। यहां भी जनता ने मौका दिया तो जंगपुरा की काया पलट दूंगा।”

सिसोदिया ने यह भी कहा कि वह जनता के सवालों का जवाब देकर अपना विजन स्पष्ट कर रहे हैं। “दूसरी पार्टियां केवल आरोप और अपशब्दों का सहारा ले रही हैं, लेकिन मैं विकास के एजेंडे पर काम कर रहा हूं और करता रहूंगा,” उन्होंने कहा ।


वर्तमान विधायक प्रवीण कुमार के बारे में की बात

मनीष सिसोदिया ने वर्तमान विधायक प्रवीण कुमार का भी जिक्र किया, जिन्होंने जंगपुरा में 10 वर्षों तक विधायक के रूप में सेवा की। उन्होंने कहा, “प्रवीण कुमार ने मुझसे आग्रह किया कि मैं इस विधानसभा से चुनाव लड़ूं। उन्होंने यहां के विकास के लिए उत्कृष्ट काम किया है।”

कार्यक्रम में मनीष सिसोदिया ने अपने काम और विजन पर भरोसा जताते हुए जनता से अपील की कि वह विकास और प्रगति के लिए वोट करें। उनकी बातचीत से स्पष्ट है कि उनका मुख्य फोकस शिक्षा, विकास, और जनता की भलाई पर है, न कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में व्यक्तिगत टिप्पणियों पर।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।