पछुआ हवाओं से बदलेगा मौसम, 42 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Gautam Buddh Nagar News (22 December 2025): उत्तर प्रदेश में ठंड और घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। सोमवार से प्रदेश में पछुआ हवाएं चलने लगेंगी, जिसके चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, इन हवाओं के प्रभाव से कोहरे की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना जताई जा रही है।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार के निर्देश पर जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश का अधिकांश हिस्सा ठंड और कोहरे की चपेट में है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार सोमवार से धीमी गति की पछुआ हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ेगी। इससे ठंड तो बढ़ेगी, लेकिन कोहरे का घनापन कुछ हद तक कम होगा।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 42 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें गौतम बुद्ध नगर भी शामिल है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है, खासकर सुबह और रात के समय यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी रखने की जरूरत है।

ठंड के मौसम में स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर विशेषज्ञों ने गर्म कपड़े पहनने, परतदार वस्त्र, टोपी, मफलर और मोज़ों के उपयोग की सलाह दी है। साथ ही गरम भोजन, सूप, हर्बल चाय और गुनगुना पानी लेने से शरीर को गर्म रखने में मदद मिलती है। सुबह की हल्की धूप में बैठना इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए लाभकारी बताया गया है, जबकि बुजुर्गों और बच्चों की विशेष देखभाल करने की आवश्यकता है।

वहीं, हल्के कपड़े पहनने, ठंडा पानी या ठंडी चीजों के सेवन से बचने की सलाह दी गई है। बंद कमरों में हीटर या अंगीठी जलाने से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए ऐसे उपकरणों का प्रयोग सावधानी से करने को कहा गया है। ठंड में भी पर्याप्त पानी पीना जरूरी बताया गया है ताकि शरीर हाइड्रेट रहे।

अलाव जलाने वालों के लिए भी प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अलाव हमेशा खुली और हवादार जगह पर जलाने, सूखी लकड़ी का उपयोग करने और प्लास्टिक या कचरा न जलाने की सलाह दी गई है। अलाव के पास सुरक्षित दूरी बनाए रखना, आग बुझाने के लिए पानी या रेत पास रखना और बिना देखरेख के अलाव न छोड़ना जरूरी बताया गया है।

घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। धीमी गति से वाहन चलाने, लो-बीम या फॉग लाइट का प्रयोग करने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने की सलाह दी गई है। दृश्यता कम होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन रोकने को बेहतर विकल्प बताया गया है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों में इम्यूनिटी मजबूत रखना बेहद जरूरी है। संतुलित और पौष्टिक आहार, मौसमी फल-सब्जियां, आंवला, अदरक, लहसुन और हल्दी को आहार में शामिल करने की सलाह दी गई है। नियमित योग, हल्का व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव से दूर रहकर लोग सर्दी के मौसम में खुद को स्वस्थ और सुरक्षित रख सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।