दिल्ली में EV को बढ़ावा, प्रदूषण नियंत्रण पर सरकार का फोकस: मंत्री पंकज कुमार सिंह

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (20 December 2025): दिल्ली के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा है कि मौजूदा सरकार के सत्ता में आने के बाद राजधानी में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को तेजी से बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस साल अब तक दिल्ली में 1 लाख से अधिक EV वाहनों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, जबकि पिछले साल यह संख्या करीब 80 हजार थी। मंत्री ने कहा कि सरकार बहुत जल्द दिल्ली की जनता के लिए नई EV नीति और योजना लेकर आने वाली है, ताकि स्वच्छ हवा और प्रदूषण नियंत्रण के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।

मंत्री पंकज कुमार सिंह ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि EV के विस्तार में सबसे बड़ी बाधा सब्सिडी की कमी थी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने EV पर सब्सिडी नहीं दी, जबकि वर्तमान सरकार वह सब्सिडी दे रही है। अगर पहले ही सब्सिडी दी जाती, तो दिल्ली की जनता EV को और तेजी से अपनाती। सरकार अब अपने वाहनों को भी चरणबद्ध तरीके से EV में बदल रही है, जिससे सरकारी स्तर पर भी स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा मिल सके।

परिवहन व्यवस्था पर बात करते हुए मंत्री ने बताया कि जब उन्होंने जिम्मेदारी संभाली थी, तब परिवहन विभाग में सिर्फ 300 इलेक्ट्रिक बसें थीं, जो अब बढ़कर 3,518 हो चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य मार्च तक इस संख्या को 5,000 तक पहुंचाने का है, जबकि नवंबर 2026 तक 7,000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारने की योजना है। उन्होंने कहा कि EV नीति जनता के हित में लाई जा रही है, ताकि दिल्ली में प्रदूषण का स्तर स्थायी रूप से कम किया जा सके।

प्रदूषण से निपटने के लिए सरकार ने कई मोर्चों पर कार्रवाई शुरू की है। मंत्री ने बताया कि दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर ट्रैफिक हॉटस्पॉट मैनेजमेंट पर काम चल रहा है। वहीं अस्पतालों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें अतिरिक्त डॉक्टरों और दवाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के तहत ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ जैसे नियमों को सख्ती से लागू किया जा रहा है। पिछले तीन दिनों में एक लाख से अधिक लोगों ने PUC प्रमाणपत्र के लिए पंजीकरण कराया, जबकि 19 दिसंबर को अकेले 40 हजार से ज्यादा PUC जारी किए गए। दिल्ली की 15 प्रमुख सीमाओं पर परिवहन प्रवर्तन टीमें तैनात हैं और BS-6 के अलावा अन्य वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। मंत्री ने भरोसा जताया कि सरकार के दीर्घकालिक उपायों से जल्द ही दिल्ली की हवा साफ होगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।