शहीद सुरेश सिंह भाटी की बेटी की शादी में पहुँचे 50 सैनिक, निभाया पिता का फर्ज

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (28/11/2025): डाबरा गांव में भावनाओं से भरा वह नज़ारा देखने को मिला जब शहीद सुरेश सिंह भाटी की बेटी की शादी में सेना के 50 जवान विशेष रूप से शामिल होने पहुंचे। शहीद के साथी रहे इन सैनिकों ने न केवल समारोह में सहभागिता की, बल्कि मुस्कान भाटी का कन्यादान कर उसके पिता की सभी जिम्मेदारियां निभाईं। यह दृश्य देखकर शादी में मौजूद ग्रामीणों और मेहमानों की आंखें नम हो गईं।

मुस्कान भाटी का विवाह ग्रेटर नोएडा के कासना गांव निवासी पवन चपराना के साथ संपन्न हुआ। परिवार ने सेना के जवानों को औपचारिक निमंत्रण भेजा था, जिसके बाद पंजाब से एक दल विशेष तौर पर शादी में शामिल होने पहुंचा। शहीद के साथियों ने विवाह समारोह में पूरे प्रेम और सम्मान के साथ वह सभी रस्में निभाईं जो सामान्यतः पिता निभाता है।

समारोह के दौरान जवानों ने शहीद सुरेश सिंह भाटी की वीरता और कर्तव्यनिष्ठा के प्रेरक प्रसंग साझा किए। उन्होंने शहीद के पुत्र हर्ष भाटी को भी देश सेवा की राह पर दृढ़ रहने का संदेश दिया। हर्ष भाटी स्वयं भी सेना में शामिल हैं और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के बारामूला में तैनात हैं, वही स्थान, जहाँ उनके पिता ने देश की रक्षा करते हुए प्राण न्यौछावर किए थे।

शहीद के भाई पवन भाटी ने बताया कि सुरेश सिंह भाटी वर्ष 2006 में बारामूला में हुए एक आतंकी हमले में शहीद हो गए थे। आज इतने वर्षों बाद भी उनके साथियों का यह स्नेह और सम्मान पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है। गांव के लोगों का कहना है कि यह विवाह सिर्फ एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि देशभक्ति, त्याग और सम्मान की मिसाल बन गया है। शादी के बाद इस हृदयस्पर्शी आयोजन की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है, और लोग इसे शहीद परिवार के प्रति सेना के अटूट सम्मान और भाईचारे का अनोखा उदाहरण बता रहे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।