राजौरी गार्डन: मनजिंदर सिंह सिरसा का वार- ‘केजरीवाल ने राजधानी को गंदगी और भ्रष्टाचार का अड्डा बनाया’
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (09 जनवरी 2024): मनजिंदर सिंह सिरसा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रमुख नेता और समाजसेवी हैं। वे सिख समुदाय के हितों के लिए काम करने और समाज के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर मुखरता से अपनी बात रखने के लिए जाने जाते हैं। सिरसा पहले राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) के अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। इस बार भाजपा ने उन्हें राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से टिकट दिया है, जहां वे अपनी स्पष्ट सोच और प्रभावशाली नेतृत्व कौशल के साथ मैदान में हैं।
टेन न्यूज नेटवर्क से विशेष बातचीत
दिल्ली के आप सरकार के दस साल के कार्यकाल के बारे में आप क्या कहना चाहेंगे?
मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने पिछले 10 साल में दिल्ली को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। आज दिल्ली गंदगी का ढेर बन चुकी है। कूड़े के अंबार हर जगह देखे जा सकते हैं। दिल्ली में पीने के पानी की जगह गटर का पानी आता है, और नाले जाम पड़े हैं। अब देखिए, एक मुख्यमंत्री 10 साल से सत्ता में है, लेकिन अरविंद केजरीवाल अपनी विधानसभा में एक भी कॉलेज या यूनिवर्सिटी नहीं बना पाए। यह बहुत बड़ी शर्म की बात है।

12 साल पहले, जब अरविंद केजरीवाल पहली बार मुख्यमंत्री बने थे, अगर कोई व्यक्ति दिल्ली में एक प्लॉट बेचकर गुरुग्राम जाना चाहता था, तो उसे तीन से चार प्लॉट मिल सकते थे। बीजेपी के शासन में गुरुग्राम इतना विकसित हुआ कि आज यह देश के सबसे बेहतरीन शहरों में से एक है। अब, अगर कोई दिल्ली में अपना एक प्लॉट बेचकर गुरुग्राम में प्लॉट खरीदना चाहे, तो उसे डीएलएफ जैसी जगह में एक प्लॉट भी नहीं मिल पाता।
देश की राजधानी दिल्ली को अरविंद केजरीवाल ने इतना खराब कर दिया है कि यहां हर जगह गंदगी और कूड़ा-करकट दिखाई देता है। उन्होंने पिछले 10-12 साल में दिल्ली को इस तरह बर्बाद किया, जैसे कभी अब्दाली और औरंगजेब ने देश को लूटा था। उनकी सोच बस लूटने और अपनी विलासिता के लिए महल बनाने तक ही सीमित रही है। अरविंद केजरीवाल ने भी अपनी सोच को इसी स्तर तक सीमित कर दिया और दिल्ली को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है।
राजौरी गार्डन में आप सरकार और वर्तमान विधायक के बारे में आपका क्या कहना है?
मनजिंदर सिंह ने कहा कि वो तो बस घर में रहती हैं, क्योंकि उनके पति खुद चुनाव नहीं लड़ सकते, इसलिए अपने धर्मपत्नी को उम्मीदवार बनाया है। शायद यह पहली बार हुआ होगा कि 70 विधायकों में से एक विधायक, जो हमारे राजौरी गार्डन के प्रतिनिधि थे, उन्होंने एक बार भी दिल्ली विधानसभा में जाकर अपना भाषण नहीं दिया। काम की तो बात ही दूर है। ऐसे प्रतिनिधि, जो इस जिम्मेदारी के काबिल ही नहीं थे, उनके कारण आज राजौरी गार्डन सबसे बड़ा गंदगी का अड्डा बन चुका है।
अगर आप विधायक के घर के बाहर जाकर देखेंगे तो सबसे बड़ी गंदगी का ढेर वहीं मिलेगा। विधायक के घर के बाहर की सड़कें सबसे ज्यादा खराब स्थिति में हैं। जो विधायक अपने घर के बाहर की सड़कें ठीक नहीं करा पाया हो, जो अपने घर के बाहर से कूड़ा नहीं हटवा पाया हो, उस विधायक से क्या उम्मीद की जा सकती है? आज हर गली, हर सड़क कूड़े के ढेर में तब्दील हो चुकी है। ऐसे में सवाल यह है कि इस तरह का नेतृत्व राजौरी गार्डन को कैसे बचा सकता है?

आप सरकार भ्रष्टाचार-मुक्ति की बात करती है, लेकिन इसके नेता खुद घोटालों में फंसे हैं। इस पर आपका क्या कहना है?
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का दावा करती है, लेकिन खुद भ्रष्टाचार के कई मामलों में फंसी हुई है। उन्होंने शराब घोटाला, स्कूल घोटाला, बस घोटाला और बिजली घोटाले का हवाला देते हुए कहा कि यह सरकार घोटालों का पर्याय बन चुकी है। साथ ही दावा किया कि दिल्ली के लोग अब भाजपा के नेतृत्व में बदलाव चाहते हैं और डबल इंजन की सरकार के जरिए भ्रष्टाचार-मुक्त शासन की उम्मीद कर रहे हैं।
राजौरी गार्डन को आप-दा मुक्त बनाने और क्षेत्र के विकास के लिए आपकी क्या योजना है?
सिरसा ने अपनी योजना बताते हुए कहा कि राजौरी गार्डन की सभी सड़कों का पुनर्निर्माण किया जाएगा, सीवेज और पानी की नई लाइनें बिछाई जाएंगी, और कूड़ा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्किंग की समस्या का समाधान और क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने के लिए भी विशेष कदम उठाए जाएंगे।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कितनी बड़ी चुनौती है?
उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब केवल विपक्ष के इंतजार में है, लेकिन उसे दूसरे स्थान पर आना भी मुश्किल है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा कितनी सीटें जीतने का दावा करती है?
मनजिंदर सिंह ने कहा कि भाजपा इस बार 70 में से 55 से 60 सीटें जीतने में सफल होगी। उन्होंने यह भी कहा कि , 10–11 सीटें ऐसी है जिसके अंदर बहुत फाइट है आम आदमी पार्टी के साथ और अब देखने वाले बात है कि उस 10 सीटों में से क्या हम कोई सीट निकाल पाते है। मेरा मानना है कि 55 से 60 सीटों के बीच में आराम से आम आदमी पार्टी को इस बार हम हारने में कामयाब होंगे।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने राजौरी गार्डन के विकास और क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता देने का वादा किया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए दिल्ली के विकास के लिए भाजपा को सबसे उपयुक्त विकल्प बताया। सिरसा ने कहा कि दिल्ली को डबल इंजन सरकार की जरूरत है, जिससे भ्रष्टाचार का खात्मा हो और राजधानी की खोई हुई प्रतिष्ठा वापस लाई जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।