दिल्ली चुनाव में ‘आप’ का पोस्टर वार: जनता से पूछा- कैसी सरकार चाहिए?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (09 दिसंबर 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव के माहौल में हर राजनीतिक दल अपने-अपने तरीकों से जनता को प्रभावित करने में जुटा हुआ है। इस बार प्रचार के साधनों में पोस्टर वार भी शामिल हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने हाल ही में एक पोस्टर जारी कर जनता से सीधे सवाल पूछने का तरीका अपनाया है।

इस पोस्टर में लिखा गया है, “आपको अरविंद केजरीवाल की सरकार चाहिए या गाली-गलौज करने वाली पार्टी की सरकार?” माना जा रहा है कि यह पोस्टर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधते हुए जारी किया गया है।

बता दें कि बीते दिनों बीजेपी के कालकाजी से प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने विवादित बयान देकर राजनीतिक माहौल गरमा दिया था। उन्होंने कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो कालकाजी की सड़कों को प्रियंका गांधी की गाल की तरह बना देंगे। साथ ही उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना पर भी विवादित बयान दिया, जिसमें उन्होंने उनके नाम परिवर्तन को लेकर सवाल उठाए और कहा, “क्या उन्होंने अपना बाप बदल लिया है?”

इन बयानों को लेकर बीजेपी की तीखी आलोचना हो रही है, और ‘आप’ ने इसे अपने प्रचार अभियान का हिस्सा बनाकर जनता को एक स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने यह पोस्टर ऐसे समय में जारी किया है, जब चुनावी जंग अपने चरम पर है।

अब देखना यह होगा कि जनता पर इस पोस्टर का कितना प्रभाव पड़ता है और क्या ‘आप’ इस रणनीति से अपने पक्ष में वोट जुटाने में कामयाब हो पाती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।