दिल्ली में बदलाव का बिगुल, भाजपा और आप के अंत की शुरुआत: कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (08 जनवरी 2025): दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने चुनाव आयोग द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित किए जाने के बाद अपने बयान में कहा कि 5 फरवरी कांग्रेस की सरकार बनने की तारीख है। उन्होंने इसे भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के पापों के अंत की शुरुआत बताया। यादव ने कहा, “आज वह तारीख तय हो गई है जब दिल्ली में सांसों का संकट खत्म होगा, दिल्ली कचरा मुक्त बनेगी, यमुना स्वच्छ होगी, और अपराध पर लगाम लगेगी। यह सब तब होगा जब दिल्ली की जनता कांग्रेस को अपना समर्थन देकर सत्ता में लाएगी।”

देवेंद्र यादव ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा, “आज उन तारीखों का ऐलान हुआ है जब शीश महल गरीबों के लिए खोला जाएगा। हर गरीब परिवार को एक दिन के लिए शीश महल में रहने का मौका मिलेगा, जो गरीबों की बेहतरी के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने के साथ दिल्ली को भ्रष्टाचार से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने आगे कहा, “दिल्ली की जनता 8 फरवरी, 2025 को कांग्रेस सरकार के गठन के लिए पूरी तरह तैयार है। यह वही जनता है जिसने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नेतृत्व में 15 वर्षों तक कांग्रेस की नीतियों और विकास कार्यों का समर्थन किया। हम उसी सेवा भाव और विश्वास के साथ दिल्ली की हर जरूरत को पूरा करेंगे।”

देवेंद्र यादव ने विश्वास जताया कि कांग्रेस की सरकार आने के बाद दिल्ली के विकास और जनता की भलाई का एक नया अध्याय शुरू होगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस को अपना एकपक्षीय समर्थन दें ताकि दिल्ली को एक बार फिर से खुशहाल, स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।