Bihar Election 2025: कोसी सीटों पर कड़ी टक्कर, दोपहर बाद साफ़ होगी तस्वीर

टेन न्यूज नेटवर्क

Bihar News (14 November 2025): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में रिकॉर्ड तोड़ मतदान के बाद काउंटिंग शुरू हो गया है। दोपहर 1 बजे तक यह साफ़ हो जाएगा कि बिहार की सत्ता की चाबी किस गठबंधन के हाथ में जाएगी। इस बार भी कोसी का इलाका चुनावी गणित में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां चार जिलों सुपौल, सहरसा, खगड़िया और मधेपुरा की 17 सीटें चुनावी नतीजों का रूख बदल सकती हैं। 2020 में इस क्षेत्र पर एनडीए का दबदबा था, जिसने 17 में से 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

कोसी क्षेत्र की चर्चित सीटों में छातापुर और खगड़िया की परबत्ता सीट सबसे अधिक सुर्खियों में हैं। छातापुर से दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज सिंह बबलू चुनावी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। उधर परबत्ता सीट पर महागठबंधन के उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार का मुकाबला लोजपा (रामविलास) के उम्मीदवार बाबूलाल शौर्य से है। खास बात यह है कि डॉ. संजीव कुमार 2020 में जदयू के टिकट पर जीतकर आए थे और इस बार गठबंधन बदलकर मैदान में हैं।

मधेपुरा सीट भी इस बार काफी चर्चा में है, जहां जदयू ने कविता साहा को उम्मीदवार बनाया है। सुपौल में सबसे दिग्गज चेहरा जदयू के बिजेंद्र प्रसाद यादव हैं, जो अब तक आठ बार विधायक रह चुके हैं और इस बार भी मैदान में अपनी पकड़ मजबूत रखने की कोशिश कर रहे हैं। सहरसा से IIP के संस्थापक आईपी गुप्ता महागठबंधन की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं अलौली सीट पर सादा समुदाय के दो उम्मीदवार जदयू के रामचंद्र सदा और कांग्रेस के रामवृक्ष सदा सीधे मुकाबले में हैं। दिलचस्प बात यह है कि इसी सीट से LJP (R) नेता पशुपति पारस के बेटे यश राज भी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

खगड़िया जिले में भी कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। बेलदौर सीट से जदयू ने पन्ना लाल पटेल को उतारा है, जबकि कांग्रेस ने मिथिलेश प्रसाद निषाद को टिकट दिया है। खगड़िया सदर सीट पर कांग्रेस के चंदन यादव और एनडीए के बबलू मंडल आमने-सामने हैं, जो पूरे जिले में मुकाबले को रोमांचक बना रहा है।

कुल मिलाकर कोसी की 17 सीटें इस चुनाव में सत्ता का समीकरण तय करने की क्षमता रखती हैं। 2020 में यहां एनडीए का दबदबा था, लेकिन 2025 में मुकाबला अधिक जटिल और बहुकोणीय हो गया है। अब निगाहें काउंटिंग रूम पर टिकी हैं, जहां कुछ ही घंटों में यह तय हो जाएगा कि कोसी किसका साथ देती है और बिहार की राजनीति किस करवट बैठती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।