फ्लिपकार्ट से पार्शल लूटने वाले गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (12/11/2025): फेज-1 थाना पुलिस ने फ्लिपकार्ट के पार्सल लूटने वाले गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय खान, जितेंद्र सिंह और लोकेश के रूप में हुई है। तीनों को पुलिस ने सेक्टर-14 स्थित नाले के पास से दबोचा।
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने करीब एक माह पहले, 9 अक्टूबर को कालिंदी कुंज के पास स्थित चिराग ट्रांसपोर्ट की एक गाड़ी से फ्लिपकार्ट का भारी मात्रा में सामान चोरी किया था। इस गाड़ी में विभिन्न कंपनियों के जूते-चप्पल, परफ्यूम, शैम्पू, टूथपेस्ट, रजाइयां और अन्य घरेलू वस्तुएं लदी हुई थीं। चोरी के बाद आरोपी इन सामानों को अलग-अलग स्थानों पर सस्ते दामों में बेचकर मुनाफा कमाते थे। डीसीपी ने बताया कि इस गिरोह के तीन अन्य साथी अनूप, राहुल और यश को पुलिस ने पहले ही 2 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया था। हाल में पकड़े गए तीनों बदमाशों को उन्हीं की निशानदेही पर पकड़ा गया है।
12 सदस्यों का संगठित गैंग
पुलिस के अनुसार यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था। गिरोह में कुल 12 सदस्य सक्रिय हैं। इस गैंग का सरगना संजय खान है, जो चोरी की योजना बनाता और माल की सप्लाई चैन नियंत्रित करता था। चोरी के बाद सामान को एक वाहन से दूसरे वाहन में ट्रांसफर किया जाता, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद माल को एरिया वाइज बेच दिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक पुराना लैपटॉप और दो प्रिंटर भी बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग ये लोग नकली बिल और दस्तावेज तैयार करने में करते थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य व्हाट्सएप कॉल्स के जरिए ही बातचीत करते थे ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। साथ ही, ये अपने पास चाकू भी रखते थे ताकि पकड़े जाने पर किसी को डरा सकें।
कई जिलों में फैला नेटवर्क
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गैंग केवल नोएडा तक सीमित नहीं था। ये लोग गाजियाबाद, मैनपुरी, इटावा, बुलंदशहर और दिल्ली समेत कई अन्य जिलों में भी सक्रिय थे। चोरी के बाद गिरोह का कोई एक सदस्य सीधे सामान नहीं बेचता था; हर सदस्य को अलग-अलग जिम्मेदारी दी जाती थी ताकि पुलिस तक किसी एक की गिरफ्तारी से पूरी चैन न पहुंचे। डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क, उनके खरीदारों और चोरी किए गए माल के वितरण चैन की गहन जांच कर रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।