इंडिया हैबिटेट सेंटर में ‘गुरु-शिष्य परंपरा’ पर आधारित शास्त्रीय संगीत समारोह का भव्य आयोजन

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi/ Greater Noida News (02 November 2025): भारतीय संगीत की प्राचीन गुरु-शिष्य परंपरा को समर्पित एक सुरमई और भावपूर्ण शाम का आयोजन दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर के स्टैइन ऑडिटोरियम में किया गया। यह विशेष शास्त्रीय संगीत समारोह ग्रेटर नोएडा की गुरुकुल द म्यूजिकोलॉजी फाउंडेशन और श्रुति फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बनारस घराने के सुप्रसिद्ध तबला वादक स्वर्गीय पंडित बुलबुल महाराज की स्मृति में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्म विभूषण पंडित साजन मिश्रा रहे, जबकि स्पिक मैके की निदेशक रश्मि मलिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। समारोह की शुरुआत गुरुकुल के प्रशिक्षु छात्रों द्वारा प्रस्तुत ऊर्जावान तबला जुगलबंदी से हुई, जिसने सभागार में उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ग्रेटर नोएडा से आए युवा कलाकार — हनी मिश्रा, ईशान मिश्रा, सात्विक सिंह, अभिनंदन कुमार, आनंद कुमार, कृष्ण कुमार राय, सत्येष मंगलम और अर्जुन कौशिक — ने लय और ताल के अद्भुत समन्वय से तालवाद्य की जीवंत परंपरा को जीवंत कर दिया।

इसके पश्चात प्रसिद्ध तबला वादक पंडित मिथिलेश झा ने अपने गुरु स्वर्गीय बुलबुल महाराज को समर्पित स्वतंत्र तबला वादन प्रस्तुत किया। उनके साथ हारमोनियम पर डॉ. राजेंद्र बनर्जी ने संगत की। पंडित झा के वादन की गति, लय और नाद के संगम ने दर्शकों को इतना प्रभावित किया कि सभागार कई बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इसके बाद बनारस घराने के सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित रितेश मिश्रा और पंडित रजनीश मिश्रा ने विलंबित लय में राग मारू बिहाग की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को सुरमयी बना दिया। तबले पर पंडित दुर्जय भौमिक और हारमोनियम पर पंडित सुमित मिश्रा ने संगत की, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।

समारोह में ग्रेटर नोएडा से बड़ी संख्या में संगीतप्रेमी उपस्थित रहे। दर्शकों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की स्वर-लय से सजी इस अनूठी प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम में सोनम मिश्रा, अवारथंगा चीरु, संगीत जोशी सहित अनेक प्रतिष्ठित कलाकारों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

कार्यक्रम का संचालन श्रुतिप्रिया झा ने कुशलता से किया, जबकि आयोजन की सफलता में गुरुकुल द म्यूजिकोलॉजी फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा, संयोजक आनंद मिश्रा, हिमांशु मिश्रा एवं आराधना वर्मा की भूमिका सराहनीय रही।

समापन पर प्रियंका मिश्रा ने कहा कि “गुरुकुल द म्यूजिकोलॉजी फाउंडेशन भारतीय संस्कृति और शास्त्रीय संगीत की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।”

इस भव्य आयोजन ने न केवल गुरु-शिष्य परंपरा की आत्मा को पुनर्जीवित किया, बल्कि भारतीय शास्त्रीय संगीत की अमर धरोहर को एक बार फिर सुर और ताल की गूंज से जीवंत कर दिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।