इंडिया गेट का नाम बदलकर ‘भारत माता द्वार’ करने की मांग: जमाल सिद्दीकी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (6 जनवरी 2025): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर एक ऐतिहासिक प्रस्ताव रखा है। उन्होंने इंडिया गेट का नाम बदलकर ‘भारत माता द्वार’ करने की मांग की है। सिद्दीकी का कहना है कि यह बदलाव भारतीय संस्कृति, राष्ट्र गौरव, और शहीदों की वीरता का प्रतीक होगा।

सिद्दीकी ने अपने पत्र में लिखा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में राष्ट्र प्रेम और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल में देश को अंग्रेजों और मुगलों के गुलामी के प्रतीकों से मुक्त करने का सराहनीय प्रयास किया है।

उन्होंने लिखा, “आपके प्रयासों से मुग़ल आक्रांता और अंग्रेजी शासन की छवि से जुड़ी चीज़ों को हटाकर देश को नई पहचान दी जा रही है। आपने औरंगज़ेब रोड का नाम बदलकर ए.पी.जे. अब्दुल कलाम रोड किया, राजपथ का नाम कर्तव्य पथ रखा, और इंडिया गेट पर किंग जॉर्ज पंचम की मूर्ति हटाकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति स्थापित की। ये कदम देश के लिए प्रेरणादायक हैं।”

सिद्दीकी ने तर्क दिया कि इंडिया गेट का नाम बदलकर ‘भारत माता द्वार’ करना, उन हजारों शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी जिनके नाम इस स्मारक पर दर्ज हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस प्रस्ताव पर विचार करने और इसे साकार करने का आग्रह किया।

यह मांग भारतीय इतिहास और संस्कृति के गौरव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार इस प्रस्ताव पर क्या निर्णय लेती है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।