दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भाजपा का संकल्प पत्र अभियान: “मेरी दिल्ली मेरा संकल्प BJP”

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (02 दिसंबर 2024): दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने संकल्प पत्र निर्माण अभियान की घोषणा की है। संकल्प पत्र निर्माण समिति के संयोजक और सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आज प्रेस वार्ता में घोषणा की कि जनसंपर्क और सुझावों के लिए “मेरी दिल्ली मेरा संकल्प BJP” टैगलाइन तय की गई है। इस अभियान के तहत दिल्ली के लोग अपने सुझाव ईमेल और व्हाट्सएप के माध्यम से भेज सकते हैं।

जनसंपर्क अभियान का विवरण

बिधूड़ी ने बताया कि दिल्ली के लोग अपने सुझाव ईमेल MeriDelhiMeraSankalpBJP@gmail.com पर या व्हाट्सएप नंबर 99 5870 2025 पर भेज सकते हैं। इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर अभियान को बढ़ावा देने के लिए हैशटैग #BJPSankalp2025 का उपयोग किया जाएगा।

विशेष बैठकों और वीडियो वैन अभियान की घोषणा

उन्होंने बताया कि दिल्ली भाजपा का वीडियो वैन और जिला कैम्पेन 7 दिसंबर, 2024 से प्रारंभ होगा, जबकि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बैठकें 5 दिसंबर, 2024 से शुरू होंगी। हर संसदीय क्षेत्र में दो-दो वीडियो वैन भेजी जाएंगी, जिनमें संकल्प पत्र सुझाव पेटिका भी रखी जाएगी। इन वैनों के माध्यम से सुझाव एकत्र किए जाएंगे।

समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद

रामवीर बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा दिल्ली के युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारी वर्ग, औद्योगिक संगठनों, धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के साथ विशेष बैठकें आयोजित करेगी। दिल्ली भाजपा के विभिन्न मोर्चे और प्रकोष्ठ इस प्रक्रिया में शामिल होंगे।

भाजपा का विजन: योजनाओं में सुधार का वादा

बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली में मौजूदा सामाजिक योजनाएं, बिजली-पानी सब्सिडी और परिवहन छूट पहले से बेहतर होंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की फ्री बिजली योजना का असल चेहरा यह है कि मध्यम वर्ग और व्यापारी वर्ग को महंगी दरों पर बिजली खरीदनी पड़ती है। उन्होंने दिल्ली में पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा की प्राथमिकता इन सुविधाओं की गुणवत्ता सुधारना होगी।

समिति के सदस्य और जिम्मेदारियां

प्रेस वार्ता में समिति के सदस्य पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, पूर्व सांसद प्रवेश साहिब सिंह, पूर्व सांसद मीनाक्षी लेखी, विधायक अजय महावर, प्रवीण शंकर कपूर, अभिषेक टंडन, राजकुमार फुलवारिया, और नीतू डब्बास उपस्थित थे। मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने कार्यक्रम का संचालन किया।।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।