ग्रेटर नोएडा की बेटी भावना चौधरी बनीं BSF एयर विंग की पहली महिला फ्लाइट इंजीनियर
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (16/10/2025): गौतमबुद्ध नगर जिले के मुतैना गांव की बेटी भावना चौधरी ने एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 50 वर्ष से अधिक पुरानी एयर विंग में देश की पहली महिला फ्लाइट इंजीनियर बनकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है।
मंगलवार शाम जब भावना चौधरी अपने पैतृक गांव लौटीं, तो ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने उनका भव्य स्वागत किया। भारतीय किसान यूनियन (भानू) के जिलाध्यक्ष राजकुमार नागर के नेतृत्व में लोगों ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गांव का वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
भावना चौधरी ने यह उपलब्धि बीएसएफ के Mi-17 हेलीकॉप्टर फ्लीट में फ्लाइट इंजीनियरों की कमी को पूरा करने के लिए शुरू किए गए पहले इन-हाउस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद हासिल की है। उन्होंने अगस्त 2025 में शुरू हुए दो महीने के कठोर प्रशिक्षण कोर्स को शानदार प्रदर्शन के साथ पूर्ण किया। इस दौरान उन्हें 130 घंटे की स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग दी गई, जिसमें पंजाब और अन्य राज्यों में हाल ही में हुए बाढ़ राहत अभियानों के दौरान वास्तविक उड़ान अनुभव भी शामिल रहा।
प्रशिक्षण के समापन पर, बीएसएफ के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी ने उन्हें फ्लाइंग बैज प्रदान किया और उनके समर्पण व साहस की सराहना की। भावना चौधरी के पिता ब्रेशपाल सिंह और परिवार के अन्य सदस्य उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से गौरवान्वित हैं। उनके पिता और छोटा भाई निर्दोष चौधरी दोनों उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं, जबकि बड़े भाई शिवम चौधरी डॉक्टर हैं। भावना ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार को देते हुए कहा, मेरे माता-पिता ने हमेशा मुझे अपने सपनों का पीछा करने के लिए प्रेरित किया। यह उपलब्धि उन्हीं के आशीर्वाद और परिवार के सहयोग से संभव हुई है।
गांव में उनके सम्मान में मिठाई बांटी गई और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। स्थानीय लोगों ने कहा कि भावना ने साबित कर दिया कि अगर हौसला बुलंद हो तो बेटियां किसी भी क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू सकती हैं। भावना चौधरी की यह उपलब्धि न केवल बीएसएफ बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। वह अब उन चुनिंदा महिला अधिकारियों में शामिल हो गई हैं जो रक्षा बलों की तकनीकी और फ्लाइट इंजीनियरिंग शाखाओं में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उनकी सफलता से यह संदेश गया है कि भारतीय महिलाएं अब वर्दीधारी सेवाओं में हर स्तर पर अपनी योग्यता और साहस का परचम लहरा रही हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।