दिल्ली विश्वविद्यालय में बनेगा वीर सावरकर कॉलेज, ABVP ने किया स्वागत

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (03 जनवरी 2025): दिल्ली विश्वविद्यालय में वीर सावरकर के नाम पर नए कॉलेज के निर्माण के फैसले का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने जोरदार स्वागत किया है। अभाविप ने इसे शिक्षा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

अभाविप के दिल्ली प्रदेश मंत्री हर्ष अत्री ने इस निर्णय पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह कॉलेज स्वतंत्रता संग्राम के महानायक वीर सावरकर के योगदान को सम्मान देने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने प्रधानमंत्री, विश्वविद्यालय प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

हर्ष अत्री ने कहा, “वीर सावरकर का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उनका नाम युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा और युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करेगा।”

वीर सावरकर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अद्वितीय योद्धा और महान विचारक थे। उन्होंने न केवल अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया, बल्कि अपने अदम्य धैर्य और विचारों से पूरे देश को प्रेरित किया। कालापानी की सजा के दौरान उनका साहस और धैर्य आज भी युवाओं के लिए मिसाल है।

दिल्ली विश्वविद्यालय में बनने वाला यह नया कॉलेज छात्रों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ वीर सावरकर के आदर्शों और विचारों से भी जोड़ने का काम करेगा। अभाविप ने कहा कि यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को नई दिशा देगा।

अभाविप ने इस फैसले के लिए केंद्र सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि कॉलेज का निर्माण जल्द से जल्द शुरू होगा और यह दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए नई संभावनाएं खोलेगा।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।