देशवासियों के लिए घर देना ही मेरा सपना, खुद के लिए शीशमहल नहीं: अशोक विहार में गरजे पीएम मोदी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (03 जनवरी 2024): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली में विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी के प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए 2025 को भारत के विकास के लिए नई संभावनाओं का वर्ष बताया। उन्होंने कहा कि इस साल भारत तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनने की दिशा में और तेज़ी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने देश की राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता को रेखांकित करते हुए कहा कि 2025 में भारत की यह भूमिका और अधिक सशक्त होगी।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि वह भी अपने लिए आलीशान घर या “शीशमहल” बनवा सकते थे, लेकिन उनकी प्राथमिकता देशवासियों को पक्का घर उपलब्ध कराना है। उन्होंने पिछले एक दशक में 4 करोड़ से अधिक लोगों को घर देकर उनके सपनों को साकार करने की बात कही। उन्होंने जनता से वादा किया कि झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों को भी जल्द पक्के घर मिलेंगे।

पीएम मोदी ने दिल्ली के विकास में शहरों की अहम भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य शहरों में रहने वाले हर परिवार को बेहतर जीवनशैली प्रदान करना है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी केंद्र के प्रयासों को उजागर किया, जिसमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के नए परिसरों का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने दिल्ली के युवाओं को उच्च शिक्षा के अधिक अवसर देने की प्रतिबद्धता जताई।

प्रधानमंत्री ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में पिछले 10 वर्षों से आपदा जैसी स्थिति बनी हुई है। उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों को गिनाते हुए दावा किया कि स्कूली शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, भर्तियों, और प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर बड़े घोटाले हुए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नागरिकों ने सुशासन का सपना देखा था, लेकिन उन्हें अन्ना हजारे के आंदोलन के नाम पर ठगा गया।

कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने दिल्लीवासियों को ₹4000 करोड़ की परियोजनाओं का तोहफा दिया और 1675 फ्लैट्स का उद्घाटन किया। उन्होंने इसे नागरिकों के लिए एक नई शुरुआत बताते हुए इसे आत्मसम्मान और बेहतर भविष्य का प्रतीक कहा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।