New Delhi News (20/09/2025): देश की राजधानी दिल्ली में शारदीय नवरात्रि की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच शकूरबस्ती से बीजेपी विधायक करनैल सिंह ने एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने फास्ट-फूड चेन KFC, डोमिनोज और McDonald’s के क्षेत्रीय अधिकारियों को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि नवरात्रि के पावन नौ दिनों के दौरान उनके प्रतिष्ठानों में मांसाहारी भोजन (Non Veg Dishes) परोसना पूरी तरह बंद किया जाए। यह मांग उन्होंने धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव के मद्देनजर रखी है।
नवरात्रि परंपरा और पवित्रता का हवाला
करनैल सिंह ने अपने पत्र में लिखा कि 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले शारदीय नवरात्र हिंदू समाज के लिए विशेष महत्व रखते हैं। इस दौरान मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। विधायक ने कहा कि नवरात्रि न केवल धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी दिल्ली और एनसीआर की अधिकांश जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे समय में मांसाहारी भोजन की बिक्री से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।
सामाजिक सद्भाव की दलील
पत्र में करनैल सिंह ने आगे लिखा कि नवरात्र के नौ दिनों के दौरान मांसाहारी व्यंजनों परोसने से परहेज करना धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने कंपनियों से उम्मीद जताई कि वे जनता की आस्था का सम्मान करते हुए इस अवधि में अपने मेनू से नॉनवेज आइटम हटा देंगे और केवल शाकाहारी व्यंजन परोसेंगे।
आस्था और संवेदनशीलता पर जोर
बीजेपी विधायक ने फास्ट-फूड कंपनियों से अपील करते हुए कहा कि नवरात्रि जैसे पर्व में संवेदनशीलता दिखाना आवश्यक है। उन्होंने लिखा, “आशा है कि आप इस आग्रह पर सकारात्मक निर्णय लेंगे और हमारी धार्मिक परंपराओं एवं भावनाओं का सम्मान करेंगे।” विधायक का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब दिल्ली में नवरात्र को लेकर धार्मिक आयोजन और व्रत-उपवास की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
नवरात्र से विजयादशमी तक का महत्व
ध्यान रहे कि इस साल नवरात्र की शुरुआत 22 सितंबर से होगी और 2 अक्टूबर को विजयादशमी का पर्व मनाया जाएगा। नवरात्र के प्रत्येक दिन का धार्मिक महत्व है और लोग इन दिनों में व्रत रखते हैं तथा मांसाहार से दूरी बनाते हैं। करनैल सिंह की इस पहल ने अब फास्ट-फूड चेन कंपनियों के सामने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या वे धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करते हुए विधायक की इस मांग को मानेंगी या अपने मौजूदा मेनू को यथावत रखेंगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।