निक्की की मौत ने खोली स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल, डिप्टी सीएम ने क्या आश्वासन दिया?
मेघा राजपूत, संवाददाता
Greater Noida News (15 September 2025): गौतमबुद्ध नगर जिला, जिसे देश का प्रमुख औद्योगिक टाउनशिप माना जाता है, लाखों मजदूरों और फैक्ट्री कर्मियों का कार्यक्षेत्र है। यहां औद्योगिक हादसे और आग से जुड़ी घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। इतना ही नहीं, घरेलू विवादों और अन्य दुर्घटनाओं में झुलसने के मामले भी समय-समय पर देखने को मिलते हैं। लेकिन सबसे बड़ी चिंता यह है कि इस जिले में अभी तक बर्न वार्ड जैसी बुनियादी और जीवनरक्षक सुविधा उपलब्ध नहीं है।
गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को आज भी इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाना पड़ता है। रास्ते में होने वाली देरी कई बार मरीजों की जान ले लेती है। हाल ही में ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव की निक्की भाटी की मौत ने इस गंभीर कमी को उजागर कर दिया। निक्की 70% झुलस गई थी। पहले उसे स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन बर्न वार्ड न होने की वजह से उसे दिल्ली रेफर किया गया। सफदरजंग अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। यदि जिले में बर्न वार्ड उपलब्ध होता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
जिले के प्रमुख सरकारी अस्पताल—नोएडा जिला सहकारी अस्पताल और ग्रेटर नोएडा स्थित GIMS—में भी बर्न वार्ड नहीं है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है क्योंकि औद्योगिक हब होने के नाते जिले में कम से कम एक सिटी-लेवल बर्न वार्ड और प्रत्येक बड़े औद्योगिक क्षेत्र में हाइब्रिड बर्न वार्ड की आवश्यकता है, ताकि मरीजों को त्वरित और प्रभावी इलाज मिल सके।
टेन न्यूज नेटवर्क की टीम ने इस समस्या को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के सामने उठाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही जिले में बर्न वार्ड बनाया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह कहां और कब तक बनेगा। इससे यह साफ है कि फिलहाल इस दिशा में कोई ठोस योजना तैयार नहीं है।
निक्की की मौत ने एक बार फिर से स्वास्थ्य ढांचे की कमी और प्रशासन की उदासीनता की ओर ध्यान आकर्षित किया है। सवाल उठता है कि औद्योगिक और तेजी से बढ़ते इस जिले में आखिर कब तक लोग समय पर इलाज न मिलने के कारण अपनी जान गंवाते रहेंगे?
आपकी राय: क्या गौतमबुद्ध नगर में बर्न वार्ड को तत्काल प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि निक्की जैसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो? अपनी राय हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।