चार इंजन की सरकार बनी कूड़े की सरकार: AAP ने प्रदर्शनी लगाकर उजागर की सच्चाई
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (02/09/2025): दिल्ली में जगह-जगह फैले कूड़े के ढेर को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा की चार इंजन की सरकार पर तीखा प्रहार किया है। मंगलवार को एमसीडी में ‘‘आप’’ के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने राजधानी के विभिन्न इलाकों से लोगों द्वारा भेजी गई तस्वीरों का बैनर बनाकर एक अनोखी “कूड़ा प्रदर्शनी” आयोजित की। यह प्रदर्शनी जीबी पंत अस्पताल के पास वार्ड 77 में लगाई गई, जहाँ भाजपा के मेगा सफाई अभियान की पोल खोली गई।
अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा ने 1 से 31 अगस्त तक चला अपना मेगा सफाई अभियान अब 2 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है, लेकिन इसके बावजूद दिल्ली के हालात जस के तस हैं। उन्होंने आरोप लगाया, “भाजपा नेताओं को जमीन पर उतरकर काम करना चाहिए, केवल फोटो खिंचवाने से दिल्ली साफ नहीं होगी। पूरी दिल्ली कूड़े में तब्दील हो चुकी है और चार इंजन की सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है।”
इस मौके पर बुराड़ी विधायक संजीव झा, पूर्व विधायक राजेश गुप्ता, एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार, पार्षद प्रीति डोगरा और ‘‘आप’’ के अन्य निगम पार्षद मौजूद रहे। नारंग ने कटाक्ष करते हुए कहा कि मेयर के अपने वार्ड और विधानसभा क्षेत्र में ही कूड़े का अंबार है, लेकिन वे इसे साफ नहीं करवा पा रहे, जबकि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी उन जगहों पर अभियान चलाने से परहेज किया जहाँ वास्तविक गंदगी थी।
‘‘आप’’ के एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण देशमुख ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सफाई अभियान के बाद लोगों ने हमें अपने-अपने इलाकों की तस्वीरें भेजी हैं, जो साफ दिखाती हैं कि दिल्ली आज भी कूड़े के ढेर पर खड़ी है। उन्होंने भाजपा की सरकार को “कामचोर और वोटचोर सरकार” करार देते हुए कहा कि केंद्र, दिल्ली सरकार और एमसीडी – तीनों जगह सत्ता होने के बावजूद भाजपा जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है।
देशमुख ने कहा कि भाजपा ने सिस्टम का मजाक बना दिया है, लेकिन ‘‘आप’’ विपक्ष में रहते हुए भी जनता की आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि दिल्ली की जनता अब कूड़े और गंदगी के इस संकट को बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।