भाजपा का कूड़ा मुक्त दिल्ली अभियान फेल, कांग्रेस ने साधा निशाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (28 अगस्त, 2025): दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने भाजपा सरकार के कूड़ा मुक्त अभियान को विफल बताते हुए कहा कि राजधानी अब भी गंदगी और कूड़े के अंबार पर बैठी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा 1 अगस्त को मंत्रिमंडल और सांसदों के साथ बड़े शो के साथ शुरू किया गया सफाई अभियान महज फोटो ऑप बनकर रह गया है। अपनी नाकामी छिपाने के लिए भाजपा सरकार ने इस अभियान की अवधि बढ़ाकर 2 अक्टूबर कर दी है, जो साफ संकेत है कि भाजपा ने असफलता स्वीकार कर ली है।

देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा शासित दिल्ली सरकार और नगर निगम ने कूड़ा मुक्त दिल्ली और लैंडफिल खत्म करने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन जैसे-जैसे समय बीत रहा है, उनकी पोल खुलती जा रही है। निगम में 62,000 स्वीकृत पदों पर सफाई कर्मचारी कार्यरत होने के बावजूद गंदगी का ढेर बढ़ता जा रहा है। पीडब्ल्यूडी, डीडीए और दिल्ली सरकार के पास भी हजारों सफाई कर्मचारी मौजूद हैं, फिर भी हालात बद से बदतर हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने निगम में भारी भ्रष्टाचार और अधिकारियों की निष्क्रियता को इस स्थिति का कारण बताया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये हर महीने खर्च होने के बावजूद दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों, पुनर्वास कालोनियों, जे.जे. क्लस्टरों और ग्रामीण इलाकों में सफाई का बुरा हाल है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, मुख्य सड़कों से लेकर बाजारों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों तक गंदगी का साम्राज्य है।

देवेन्द्र यादव ने भाजपा की नई घोषणा पर भी सवाल उठाया, जिसमें दावा किया गया है कि भलस्वा, गाजीपुर और ओखला लैंडफिल को दिसंबर 2026 तक पूरी तरह हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 साल निगम पर शासन करने के बावजूद भाजपा ने कूड़े के पहाड़ों को कम करने की बजाय केवल भ्रष्टाचार किया है। जब तक नरेला, गाजीपुर, ओखला और तेहखंड में अपशिष्ट से ऊर्जा संयंत्र शुरू नहीं होंगे, तब तक लैंडफिल हटाना संभव ही नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल राजनीतिक षड्यंत्र रच रही है और जनता के बीच काम करने का दिखावा कर रही है, जबकि वास्तविकता में दिल्ली कूड़े और गंदगी की चपेट में है और भाजपा की सरकार तथा निगम इस समस्या से निपटने में पूरी तरह विफल साबित हो चुके हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।