आवंटियों की शिकायतों पर जल्द हो निपटारा, लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई : कैबिनेट मंत्री नंदी | ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा, (4 जुलाई 2025)
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि आवंटियों द्वारा भेजे गए आवेदनों और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित स्टाफ पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण के बोर्ड रूम में शाम 4 बजे से शुरू हुई बैठक में मंत्री ने विभागवार समीक्षा की। इस दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने विकास परियोजनाओं, वित्तीय स्थिति, अतिक्रमण, और फ्लैट खरीदारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। मंत्री ने चल रहे विकास कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

सीईओ ने बैठक में स्टाफ की कमी का मुद्दा भी उठाया, जिस पर मंत्री ने जल्द प्रतिनियुक्ति के माध्यम से अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती का आश्वासन दिया। ग्रेटर नोएडा को और अधिक सुंदर बनाने के लिए मंत्री ने हरियाली बढ़ाने, पेड़ों की समतल छंटाई करने, कंटीली तारों की जगह सुंदर ग्रिल लगाने और सेक्टरों के मेंटेनेंस में लापरवाही बरतने वाले कॉन्ट्रैक्टरों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सेक्टरों में फीडबैक बोर्ड लगाने और उस पर संबंधित कॉन्ट्रैक्टर का संपर्क नंबर लिखने को कहा, ताकि स्थानीय निवासी सीधे अपनी बात रख सकें। साथ ही, प्राधिकरण की जमीन पर हो रहे अतिक्रमण पर भी सख्ती से निपटने का निर्देश दिया गया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, श्रीलक्ष्मी वीएस, सुमित यादव, ओएसडी गुंजा सिंह, गिरीश कुमार झा, एनके सिंह, महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा, लीनू सहगल और राम नयन सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।