चौहान बांगर में भीषण आग: जींस शोरूम समेत चार मंजिला मकान जलकर राख, लाखों का नुकसान

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 जुलाई 2025): दिल्ली के सीलमपुर इलाके के चौहान बांगर स्थित कोट मार्केट में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग एक चार मंजिला इमारत में लगी, जिसकी निचली मंजिल पर स्थित ‘मॉडर्न टेलर्स’ नामक जींस शोरूम पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जबकि ऊपर के रेजिडेंशियल हिस्से को भी भारी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया।

दमकल विभाग के अधिकारी ने क्या कहा

दमकल विभाग के अधिकारी रमन सिंह ने बताया कि आग की सूचना सुबह करीब 2:34 बजे मिली। सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क फायर स्टेशन से दो और गोकुलपुरी फायर स्टेशन से एक दमकल वाहन मौके के लिए रवाना हुए। हालांकि घटनास्थल तक पहुंचना आसान नहीं था, क्योंकि इलाके की गलियां बेहद तंग हैं। दमकलकर्मियों को गाड़ियां दूर खड़ी करनी पड़ीं और पाइपों की लंबी लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

आग का तांडव

आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर दमकल की चार और गाड़ियां बुलाई गईं। आग इतनी भीषण थी कि इसने आसपास की इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की लपटों और गर्मी के कारण इमारत की छत का एक हिस्सा भी ढह गया, जिससे और नुकसान हुआ।

शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की शुरुआत जींस शोरूम से हुई और कुछ ही पलों में पूरी इमारत में फैल गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि दमकल विभाग और पुलिस द्वारा इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद स्थानीय निवासी और व्यापारी प्रशासन से नाराज़गी जताते नजर आए। उन्होंने मांग की कि तंग गलियों वाले इलाकों में आग से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।