ग्रीन लाइन मेट्रो में बड़ा बदलाव: अब दो हिस्सों में चलेगी सेवा, इंटरचेंज का नियम जानें

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 जुलाई 2025): दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (Delhi Metro Rail Corporation) ने यात्रियों की सुविधा और ट्रेन संचालन में सुधार के उद्देश्य से ग्रीन लाइन मेट्रो सेवा (Green Line Metro Service) में बड़ा बदलाव किया है। अब यह लाइन सोमवार से शुक्रवार तक दो अलग-अलग हिस्सों में (लूप में) संचालित की जाएगी। हालांकि, शनिवार और रविवार को मेट्रो सेवा पहले की तरह ही जारी रहेगी।

करीब 29 किलोमीटर लंबी ग्रीन लाइन मेट्रो में कुल 24 स्टेशन हैं। यह लाइन हरियाणा के ब्रिगेडियर होशियार सिंह (बहादुरगढ़) स्टेशन से शुरू होकर दिल्ली के इंद्रलोक (Indralok) और कीर्ति नगर (Kirti Nagar) तक जाती है। DMRC के अनुसार, अब यह लाइन दो भागों में चलेगी, एक रूट ब्रिगेडियर होशियार सिंह से इंद्रलोक तक और दूसरा रूट मुंडका से कीर्ति नगर तक रहेगा।

इस नए सिस्टम में अशोक पार्क (Ashok Park) मेन स्टेशन सबसे अहम इंटरचेंज बन गया है। जो यात्री ब्रिगेडियर होशियार सिंह से इंद्रलोक जाना चाहते हैं या मुंडका से कीर्ति नगर, उन्हें अशोक पार्क मेन स्टेशन पर ट्रेन बदलनी होगी। इसी तरह, इंद्रलोक से कीर्ति नगर या कीर्ति नगर से इंद्रलोक की यात्रा करने वालों को भी इस स्टेशन पर इंटरचेंज करना होगा।

DMRC का कहना है कि इस बदलाव से खासतौर पर व्यस्त समय में ट्रेन संचालन अधिक प्रभावी होगा। फिलहाल ग्रीन लाइन पर मेट्रो हर 4 मिनट 10 सेकंड से लेकर 8 मिनट 20 सेकंड के अंतराल पर चलती है। नई व्यवस्था से ट्रेनों की आवृत्ति और समयबद्धता में सुधार होगा, जिससे यात्रियों को सफर के दौरान अधिक सुविधा और समय की बचत होगी।

DMRC ने इस बदलाव की जानकारी अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर दी है और यात्रियों से सहयोग की अपील की है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।