व्यापार लाइसेंसिंग प्रक्रिया में बदलाव के फैसले का सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने किया स्वागत
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली, (23 जून 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा व्यापार लाइसेंसिंग प्रक्रिया से दिल्ली पुलिस को हटाने के ऐतिहासिक फैसले का चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने जोरदार स्वागत किया है। उन्होंने इस निर्णय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस विज़न के अनुरूप बताया और कहा कि इससे करीब 4 लाख छोटे-बड़े व्यवसायों को सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद खंडेलवाल ने इस फैसले को “ऐतिहासिक और दूरदर्शी” करार देते हुए कहा: “यह व्यवसाय सुगमता की दिशा में एक शानदार कदम है जो प्रधानमंत्री मोदी के विजन से मेल खाता है। इस निर्णय से व्यापार लाइसेंसिंग प्रणाली में पारदर्शिता आएगी, भ्रष्टाचार खत्म होगा और एक प्रभावी प्रशासन की दिशा में दिल्ली आगे बढ़ेगी। उद्यमियों को सशक्त किया जाएगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा: “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली अब व्यापार-अनुकूल सुधारों के नए युग में प्रवेश कर रही है। यह फैसला न केवल नौकरशाही की बाधाओं को हटाएगा, बल्कि पुलिस को उसके मूल कर्तव्यों — कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और महिलाओं की सुरक्षा — पर ध्यान केंद्रित करने में भी मदद करेगा।”
नई व्यवस्था के तहत अब होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस, मोटल, ऑडिटोरियम, डिस्कोथेक, वीडियो गेम पार्लर, स्वीमिंग पूल और मनोरंजन पार्क जैसे व्यवसायों के लिए लाइसेंस व एनओसी सीधे नगर निकायों और संबंधित विभागों से प्राप्त किए जा सकेंगे।
यह कदम व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही उस मांग को भी पूरा करता है जिसमें पुलिस आधारित लाइसेंसिंग प्रक्रिया में देरी और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती रही थीं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।