‘वन महोत्सव 2025’ : दिल्ली सरकार लगाएगी 70 लाख पौधे

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 जून 2025): दिल्ली सरकार जुलाई 2025 में राजधानी को हरित बनाने और पर्यावरण में सुधार के उद्देश्य से ‘वन महोत्सव 2025’ का आयोजन करने जा रही है। इस विशेष अभियान की शुरुआत 3 जुलाई को भारत मंडपम से होगी, जहां पर्यावरणविद, उद्योगपति, विद्यार्थी और हजारों दिल्लीवासी हिस्सा लेंगे। पूरे जुलाई माह चलने वाले इस अभियान में हर विधानसभा, गली और गार्डन में पौधारोपण किया जाएगा।

वन महोत्सव 2025 के तहत विदेशी, औषधीय और सजावटी पौधों के साथ-साथ प्लास्टिक के बायो-फ्रेंडली विकल्प और बागवानी से जुड़ी सामग्रियों की अनोखी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। यह पहला ऐसा वन महोत्सव होगा, जिसमें “दिल्ली का मन, अपने वन के साथ” थीम पर आधारित आयोजन होगा। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हर दिन मां के नाम पर पौधा लगाया जाएगा। इस दौरान कुल 70 लाख से अधिक पौधे रोपित किए जाएंगे।

अभियान में इंटरैक्टिव किओस्क, पौधों पर मां के नाम की नेमप्लेट, क्रिएटिव ब्रांडिंग और जन सहभागिता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। यह पहल दिल्लीवासियों में पर्यावरण के प्रति व्यवहारिक बदलाव लाने की एक सार्थक कोशिश होगी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। वन महोत्सव 2025, दिल्ली सरकार की वायु प्रदूषण नियंत्रण योजना का भी एक अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य राजधानी में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना और हवा को स्वच्छ बनाना है।

इस अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन पौधारोपण 1 जुलाई से 31 जुलाई तक किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर विधायकों, पार्षदों और आरडब्ल्यूए के सहयोग से पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही जनजागरूकता और संवाद कार्यक्रमों के ज़रिए पौधारोपण की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। अभियान में एमसीडी, एनडीएमसी, डीडीए, दिल्ली पुलिस, शिक्षा, सूचना और नगरीय विकास विभाग सहित विभिन्न विभाग सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।