ज्योति नगर में 19 वर्षीय युवती की हत्या, बुर्का पहनकर आया आरोपी फरार

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 जून 2025): राजधानी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। 19 साल की युवती नेहा को कथित रूप से एक युवक ने घर की छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शुरू में यह मामला एक हादसे जैसा प्रतीत हुआ, लेकिन जब नेहा के पिता ने पुलिस को घटनास्थल का आंखों देखा हाल बताया, तो मामला पूरी तरह से हत्या में बदल गया। पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटना अशोक नगर इलाके की है, जहां सुबह 8:30 बजे पुलिस को एक लड़की के छत से गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पता चला कि लड़की को उसके पिता पहले ही गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल ले जा चुके हैं। घायल नेहा का इलाज शुरू हुआ लेकिन कुछ ही घंटों में उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम और परिवार के बयान के बाद मामला संदेहास्पद बन गया। नेहा के पिता ने जो विवरण दिया, उससे साफ हो गया कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि साजिशन हत्या थी।

नेहा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी घर की छत पर पानी भरने गई थी। तभी एक युवक, जो बुर्का पहने हुए था, छत पर पहुंचा और नेहा से बहस करने लगा। उन्होंने खुद देखा कि वह युवक नेहा का गला दबा रहा था। जब उन्होंने शोर मचाया और दौड़कर मदद करने की कोशिश की, तो युवक घबरा गया और नेहा को छत से नीचे धक्का दे दिया। आरोपी ने भागने से पहले उन्हें भी धक्का दिया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ज्योति नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1)/351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में यह सामने आया है कि आरोपी युवक का नाम तौफीक है, जो पहले से ही नेहा को जानता था। पुलिस ने तौफीक की पहचान के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई हैं और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल आरोपी तौफीक फरार है, लेकिन पुलिस टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।