“गलत कार्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा”: दिल्ली में बुलडोजर एक्शन पर बोलीं सीएम रेखा गुप्ता

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (20 जून 2025): दिल्ली में चल रहे डिमोलिशन (Demolition) अभियान पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि सरकार जनहित में कठोर फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग केवल राजनीतिक लाभ के लिए दुष्प्रचार कर रहे हैं और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “ऐसे लोग कभी शहर चलाने की जिम्मेदारी नहीं समझते, उनका उद्देश्य सिर्फ चुनाव लड़ना और जीतना होता है। जबकि हमारी प्राथमिकता राजधानी के हर नागरिक की सुविधाओं की रक्षा करना और शहर को सुरक्षित व स्वच्छ बनाना है।”

रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी को बाढ़, जल संकट और कूड़े के पहाड़ों जैसी समस्याओं से बचाने के लिए ठोस और सख्त कदम जरूरी हैं। उन्होंने कहा, “अगर हम चाहते हैं कि दिल्ली न तो गंदगी में रहे और न ही जल संकट का शिकार हो, तो हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि कोई अवैध निर्माण न हो। नदी की सफाई, कूड़ा प्रबंधन और जल संरक्षण जैसे काम तभी सफल होंगे जब जनता नियमों का पालन करेगी और गलत कार्यों से बचेगी।” उन्होंने कहा कि ये अभियान जनता की भलाई के लिए हैं, न कि किसी वर्ग को निशाना बनाने के लिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह संवैधानिक संस्थानों और कानूनी दायरे के भीतर काम करे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “यदि कोई रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण कर मकान बनाता है, तो मुख्यमंत्री भी उसे नहीं बचा सकती। नियमों का पालन सभी को करना होगा, चाहे वह कोई भी हो।” उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब दिल्ली में डिमोलिशन को लेकर कुछ जगहों पर विरोध और आलोचना देखने को मिल रही है। हालांकि मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि अभियान किसी के खिलाफ नहीं बल्कि शहर की बेहतरी के लिए है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।