जेवर एयरपोर्ट विस्तार: पुनर्वास से पहले प्रभावित परिवारों की जनगणना शुरू

टेन न्यूज नेटवर्क

गौतम बुद्ध नगर (30 मई 2025): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के विस्तार (स्टेज-2/फेस-2 व 3) के लिए अधिसूचित 14 ग्रामों में भूमि अर्जन से पहले प्रभावित कुटुंबों की सांख्यिकी गणना की प्रक्रिया तेज़ हो गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जनगणना प्रक्रिया में लगे अधिकारियों और कार्मिकों को दिशा-निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 की धारा 16 के अंतर्गत जनगणना का कार्य 15 जून तक निर्धारित प्रारूप पर पूर्ण किया जाना है, ताकि पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन स्कीम का मसौदा समय से तैयार किया जा सके। उन्होंने कार्मिकों से कहा कि वे संवेदनशीलता और भावनात्मक जुड़ाव के साथ ग्रामीणों से संवाद करें, और आतिथ्य स्वीकार करने से बचें।

गौरतलब है कि 14 ग्रामों की 1857.7706 हेक्टेयर भूमि अर्जन हेतु अधिसूचित की जा चुकी है। डीएम ने तहसीलदार जेवर व नायब तहसीलदार को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन की रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें। डिप्टी कलेक्टर विवेक भदोरिया को इस प्रक्रिया का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

बैठक में एडीएम भू-संपदा बच्चू सिंह, एसडीएम जेवर अभय सिंह, प्रभारी अधिकारी दुर्गेश सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनगणना में नियुक्त कर्मचारी उपस्थित रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।