गौतम बुद्ध नगर में मिलावटखोरों की खैर नहीं, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
टेन न्यूज नेटवर्क
गौतम बुद्ध नगर (30 मई, 2025): जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने की।
बैठक में डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर खाद्य सामग्री और पेय पदार्थों की जांच की जाए, और जहां भी मिलावट पाई जाए, वहां कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा, “जनपद में मिलावटखोर अब सक्रिय नहीं रहने चाहिए।”
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश कुमार मिश्रा और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी ने अब तक की गई कार्रवाई का पावर प्रजेंटेशन के माध्यम से ब्यौरा दिया। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि फूड फोर्टिफिकेशन, रीयूज्ड कुकिंग ऑयल जैसे विषयों पर एडवाइजरी जारी कर सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता चलाई जाए।
इसके साथ ही जनपद के स्कूलों और सरकारी कार्यालय परिसरों को ‘ईट राइट स्कूल’ व ‘ईट राइट कैंपस’ घोषित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में औषधि निरीक्षक ने दवाइयों की गुणवत्ता पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी। डीएम ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी दवाइयां मानकों के अनुरूप हों।
इस बैठक में एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।