यमुना सफाई पर पीएम मोदी का बड़ा मिशन: तीन साल में पीने लायक होगी नदी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (29 मई 2025): प्रदूषण की मार झेल रही यमुना नदी को एक बार फिर से जीवन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा मिशन शुरू कर दिया है। पीएम मोदी ने यमुना सफाई के लिए तीन साल का ठोस लक्ष्य तय किया है। इस योजना के तहत अगले डेढ़ साल में यमुना का पानी नहाने लायक और अगले डेढ़ साल में पीने लायक बनाने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री कार्यालय की निगरानी में यह कार्य मिशन मोड में चल रहा है, और इसमें गृह मंत्री अमित शाह और जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की सीधी भागीदारी है।

फिलहाल यमुना सफाई के तीसरे चरण का काम चल रहा है, जिसमें जलकुंभी हटाने का अभियान ज़ोरों पर है। मशीनों के जरिए हर दिन नौ घंटे सफाई की जा रही है और वजीराबाद, सोनिया विहार जैसे इलाकों को पहले ही जलकुंभी से मुक्त किया जा चुका है। अगले 25 दिनों में पूरी यमुना से जलकुंभी हटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद नदी से गाद निकाली जाएगी और ड्रेजिंग की जाएगी ताकि जल प्रवाह बेहतर हो सके और पानी की गुणवत्ता सुधरे।

यमुना में गिरने वाले गंदे नालों को भी ट्रीटमेंट के जरिए स्वच्छ किया जाएगा। इसके लिए विशेष सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किए जा रहे हैं, जिनके लिए टेंडर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। यह एसटीपी नालों के गंदे पानी को शुद्ध कर हानिकारक रसायनों को अलग करेगा ताकि प्रदूषण मुक्त जल यमुना में पहुंचे। इसके अलावा 500 वॉलंटियरों की टीम बनाई जा रही है, जो नदी किनारे रहकर लोगों को यमुना में कूड़ा, फूल-मालाएं और अन्य पूजा सामग्री फेंकने से रोकेगी।

सरकार इस प्रोजेक्ट की निगरानी शीर्ष स्तर पर कर रही है, जिसमें दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। जलशक्ति मंत्री जहां प्रोजेक्ट की तकनीकी और प्रायोगिक ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं, वहीं अमित शाह इसकी प्रगति पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं। यमुना सफाई को राष्ट्रीय सम्मान से जोड़ते हुए इसे “गंगा एक्शन प्लान” की तरह एक ऐतिहासिक पहल के रूप में देखा जा रहा है। अगर यह मिशन सफल होता है, तो यह न केवल दिल्ली, बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए एक पर्यावरणीय उपलब्धि साबित होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।