30 जून से पहले होगा जेवर फिल्म सिटी का शिलान्यास: डॉ अरुणवीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (27 मई 2025): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल जेवर फिल्म सिटी के शिलान्यास की तैयारी जोरों पर है। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के जेवर में बन रही उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्म सिटी के शिलान्यास को लेकर टेन न्यूज़ नेटवर्क ने यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरूण वीर सिंह से खास बातचीत की।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह ने फिल्म सिटी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह परियोजना चरणबद्ध तरीके से विकसित की जा रही है और इसका पहला चरण 230 एकड़ में विकसित किया जाएगा। वेव्यू कंपनी और भूटानी ग्रुप को फिल्म सिटी के निर्माण का कार्य सौंपा गया है। कंपनी द्वारा प्रस्तुत लेआउट में कुछ तकनीकी आपत्तियाँ थीं, जिन्हें जल्द दूर कर लेने का निर्देश दिया गया है। लेआउट को अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
निर्माण कार्य 30 जून से पहले शुरू नहीं हुआ तो लगेगी पेनल्टी
डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि 26 मई को वेव्यू कंपनी के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें कंपनी को सख्त निर्देश दिए गए कि यदि 30 जून 2025 से पहले निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो कंपनी पर अनुबंध के अनुसार जुर्माना (पेनल्टी) लगाया जाएगा।
पीएम मोदी कर सकते हैं शिलान्यास
सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि फिल्म सिटी के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया गया है और उन्होंने इस प्रस्ताव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक भी पहुंचाया है। यह तय होना अभी बाकी है कि शिलान्यास प्रधानमंत्री करेंगे या मुख्यमंत्री।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र, सेक्टर-21 में फिल्म सिटी विकसित किया जाएगा। जिसका कुल प्रस्तावित क्षेत्रफल लगभग 1000 एकड़ है। जिसमें प्रथम चरण में 230 एकड़ में निर्माण होना है। फिल्म सिटी का निर्माण वेव्यू कंपनी और भूटानी ग्रुप द्वारा किया जा रहा है। फिल्म सिटी में मुख्य सुविधाएं, वर्ल्ड क्लास फिल्म शूटिंग स्टूडियोज, पोस्ट-प्रोडक्शन लैब्स, एनीमेशन, VFX और ग्राफिक हब, मीडिया और इंटरटेनमेंट यूनिवर्सिटी टूरिज्म, होटल, ऑडिटोरियम, फिल्म म्यूजियम आदि होगी। इससे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से 1 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आकर्षण का केंद्र बनेगी फिल्म सिटी
यह फिल्म सिटी न केवल उत्तर भारत की सबसे बड़ी फिल्म सिटी बनेगी, बल्कि यह मुंबई की फिल्म सिटी का एक मजबूत विकल्प साबित होगी। कई प्रमुख बॉलीवुड निर्माता, निर्देशक और स्टूडियो पहले ही अपनी रुचि दिखा चुके हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।