आप की भ्रष्ट राजनीति का जवाब है थर्ड फ्रंट: महापौर राजा इकबाल सिंह का हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, 18 मई 2025 – दिल्ली नगर निगम के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पार्टी में फैले भ्रष्टाचार, तानाशाही और असंवैधानिक रवैये ने ही 15 पार्षदों को पार्टी छोड़ने और नया राजनीतिक दल बनाने को मजबूर किया है।

महापौर ने स्पष्ट कहा, “आप ने न केवल जनता को झूठे वादों से गुमराह किया, बल्कि सत्ता में आने के बाद दिल्ली नगर निगम की व्यवस्थाओं को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।” उन्होंने आरोप लगाया कि निगम में रहते हुए आप के पार्षदों को स्वतंत्र निर्णय लेने की अनुमति नहीं थी, और पार्टी नेतृत्व पार्षदों पर महीने-दर-महीने वसूली कर निजी हितों के लिए पैसे पहुंचाने का दबाव बनाता था।

“आप नेता फाइलों में घोटाले करते रहे और दिल्लीवासियों को मिली बदबू और कूड़े का तोहफा,” सिंह ने तंज कसते हुए कहा।

राजा इकबाल सिंह ने बताया कि सफाई व्यवस्था से लेकर स्कूल और पार्कों तक, आप के कार्यकाल में कोई नया काम शुरू नहीं हुआ। “500 करोड़ रुपये का विकास फंड फ्रीज़ कर दिया गया, न गली बनी, न मोहल्ला सुधरा,” उन्होंने जोड़ा।

उन्होंने दावा किया कि आप की नाकामी ने ही थर्ड फ्रंट की ज़रूरत पैदा की, और जनता अब पार्टी के झूठे दिखावे से पूरी तरह वाकिफ हो चुकी है। “अब न पश्चाताप काम आएगा, न प्रचार – दिल्ली की जनता अब आपको नकार चुकी है,” उन्होंने कहा।

यह राजनीतिक घटनाक्रम दिल्ली की सियासत में बड़ा मोड़ ला सकता है, खासकर तब जब नगर निगम के भीतर ही एक नए विकल्प की नींव पड़ चुकी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।