ऑपरेशन सिंदूर से पहले पाकिस्तान को चेताया? मोदी सरकार पर संजय सिंह का देशद्रोह का आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, 17 मई 2025 – आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बयान को लेकर मोदी सरकार पर सीधा देशद्रोह का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर ऑपरेशन सिंदूर से पहले पाकिस्तान को हमले की जानकारी दी गई, तो यह भारत, भारतीय सेना और भारत माता के साथ गंभीर गद्दारी है।

संजय सिंह ने कहा, “विदेश मंत्री की स्वीकारोक्ति ने देश को स्तब्ध और व्यथित कर दिया है। पाकिस्तान वो देश है जो आतंकवादियों का पालक है और जिसकी सेना खुद आतंकियों के जनाजे में शामिल होती है, ऐसे मुल्क को पहले से सतर्क कर देना – यह कैसे देशभक्ति है?”

संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा जवाब माँगा है कि पाकिस्तान को इस रणनीतिक हमले की सूचना क्यों दी गई? उन्होंने कहा कि ये मसला न सिर्फ सैन्य गोपनीयता का उल्लंघन है, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा पर प्रत्यक्ष आघात है।

“सरकार के लोग सेना के साथ विश्वासघात करेंगे, तो विपक्ष चुप नहीं बैठेगा,” संजय सिंह ने कहा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि विदेश मंत्री का बयान और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप के दावे – क्या दोनों सच हैं?

इस बयान से देश में राजनीतिक तापमान चढ़ गया है, और विपक्ष ने साफ कर दिया है कि वो इस मुद्दे पर संसद से सड़क तक सरकार को घेरेगा।

टिप्पणियाँ बंद हैं।