तुर्की-अज़रबैजान बहिष्कार को स्मृति ईरानी का समर्थन, नेशनल डिफेंस फंड में पेंशन समर्पित कर पेश की मिसाल
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (16 मई 2025) – कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) द्वारा होटल द ललित में आयोजित राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने तुर्की और अज़रबैजान के व्यापारिक बहिष्कार के निर्णय का पूर्ण समर्थन किया। उन्होंने इस कदम को राष्ट्रभक्ति और सैनिकों के सम्मान से प्रेरित बताते हुए भावुक अपील की कि व्यापारी समुदाय नेशनल डिफेंस फंड में स्वेच्छा से योगदान करें।
सम्मेलन में स्मृति ईरानी ने मंच से घोषणा की –
“एक पूर्व सांसद होने के नाते मुझे जो पेंशन मिलती है, वह मैंने आज तक नहीं ली है। अब मैं यह पूरी पेंशन नेशनल डिफेंस फंड को समर्पित कर रही हूं। यह मेरा कर्तव्य और सौभाग्य है।”
उन्होंने यह भी कहा कि यह किसी सरकार का आदेश नहीं, बल्कि उन शहीदों के परिवारों के लिए दिल से निकली अपील है जिन्होंने देश के लिए प्राणों की आहुति दी।
उनकी इस घोषणा के बाद उपस्थित व्यापारी प्रतिनिधियों ने तालियों की गूंज और खड़े होकर समर्थन व्यक्त किया।
CAIT ने भी तत्काल इस पहल को स्वीकार करते हुए देशभर में एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की, जिसके तहत व्यापारियों को डिफेंस फंड में योगदान के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
ईरानी ने कहा – “जब देश का व्यापारी अपने मुनाफे से पहले मातृभूमि के मान को रखे, तब वो केवल व्यापार नहीं कर रहा, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभा रहा है।”
यह सम्मेलन अब केवल एक व्यापारी बैठक नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायक मिसाल बन गया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।