दिल्ली की मंडियों का सीएम रेखा गुप्ता ने किया दौरा, कहा- पिछली सरकारों ने नहीं किया कोई काम
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (16 मई 2025): मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार को आड़े हाथों लिया है। आजादपुर मंडी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडियों की बदहाली पर चिंता जताई और कहा कि बीते 10-15 वर्षों में मंडियों के बुनियादी ढांचे पर कोई काम नहीं हुआ। इस दौरान दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा भी उनके साथ मौजूद थे।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा, “दिल्ली की तमाम मंडियों की हालत बद से बदतर है। सफाई, सड़क और सुरक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों पर पिछली सरकारें पूरी तरह असफल रही हैं। आजादपुर मंडी में सैकड़ों लोग काम करते हैं लेकिन उनके लिए न्यूनतम सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार ने इन मंडियों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया और विकास की बजाय केवल दिखावा किया।” मुख्यमंत्री ने मंडी के आधुनिकीकरण की घोषणा करते हुए कहा कि अब सरकार हर मंडी का दौरा कर रही है और यहां बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, बेहतर रोशनी, सफाई के लिए मशीनरी और ट्रैफिक प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से बातचीत कर उनके सुझाव भी लिए और कहा कि जनता की भागीदारी से ही परिवर्तन संभव है।

अंतरराष्ट्रीय मसलों पर बोलते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने तुर्की और अजरबैजान से भारतीय व्यापारियों और पर्यटकों द्वारा बहिष्कार की खबरों पर कहा, “अगर कोई भी देश भारत के खिलाफ किसी भी रूप में शामिल होता है, तो देशवासी उसका हर स्तर पर बहिष्कार करेंगे। भारत आज एकजुट है और अपने सम्मान से समझौता नहीं करेगा।” मुख्यमंत्री के इस दौरे से साफ संकेत मिल रहे हैं कि उनकी सरकार दिल्ली के व्यापारिक केंद्रों और मंडियों को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में सक्रिय है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि अब दिल्ली की मंडियों को गंदगी, अराजकता और भ्रष्टाचार से मुक्त किया जाएगा और इन्हें दिल्ली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ के रूप में सशक्त किया जाएगा।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।