लिफ्टें बंद, मेंटेनेंस बेहाल: यूनिटेक कैस्केड्स सोसाइटी के निवासी बुनियादी सुविधाओं से वंचित
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा, (05 मई 2025): ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पीआई-2 स्थित यूनिटेक कैस्केड्स (Unitech Cascades) सोसाइटी में निवासियों को इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के घोर अभाव का सामना करना पड़ रहा है। सोसाइटी में लिफ्ट खराबी और मेंटेनेंस की बदहाल स्थिति ने रहवासियों का जीवन कठिन बना दिया है।
सोसाइटी के अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक अरोड़ा ने टेन न्यूज़ से टेलिफोनिक बातचीत में बताया कि यूनिटेक कैस्केड्स की एक लिफ्ट बीते 7–8 महीनों से बंद पड़ी है, जबकि दूसरी लिफ्ट बार-बार खराब हो रही है। हाल ही में दूसरी लिफ्ट भी खराब हो गई थी, जिसे अस्थायी रूप से ठीक किया गया, लेकिन वह अब भी पूरी तरह कार्यशील नहीं है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से शिकायत की जा चुकी है। शिकायत संख्या 40014125003635 के तहत लिफ्ट खराबी को लेकर मामला उठाया गया था, लेकिन वह लिफ्ट आज तक चालू नहीं हो पाई है। वहीं, शिकायत संख्या 40014124023049 के अंतर्गत प्राधिकरण ने बिल्डर को नोटिस जारी किया, परंतु बिल्डर ने अब तक कोई कार्यवाही नहीं की।
अध्यक्ष अरोड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि प्राधिकरण की तरफ से दी गई रिपोर्ट में किसी अन्य बिल्डर की जानकारी संकलित कर दी गई है, जो अधिकारियों की लापरवाही को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि कई बार बिल्डर के सीईओ से बैठक की मांग की गई, लेकिन न तो कोई मेल का जवाब दिया गया और न ही किसी बैठक के लिए समय निर्धारित किया गया। निचले स्तर के अधिकारी यह कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं कि सारे अधिकार सीईओ के पास हैं।
निवासियों की परेशानियों को देखते हुए अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन ने मांग की है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, बिल्डर के सीईओ और सोसाइटी संगठन के बीच एक संयुक्त बैठक शीघ्र कराई जाए, ताकि इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
ग्रेटर नोएडा जैसे आधुनिक शहर में बुनियादी सुविधाओं का इस तरह अभाव होना चिंता का विषय है। अब देखना होगा कि प्राधिकरण और बिल्डर मिलकर निवासियों की इन शिकायतों का समाधान कब तक करते हैं।
उक्त मुद्दे को लेकर सोसाइटी के मैनेजर से संपर्क स्थापित होने के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।