भाजपा ने वक्फ कानून में सुधार को लेकर चलाया जन जागरण अभियान, तिलपता में कार्यशाला आयोजित

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (29 अप्रैल 2025) वक़्फ़ सुधार को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जनजागरण अभियान की शुरुआत ज़िला कार्यालय तिलपता गोलचक्कर से की। इस अवसर पर एक विशेष पत्रकार वार्ता एवं वक़्फ़ सुधार पर केंद्रित जन जागरण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सत्यपाल सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला की अध्यक्षता ज़िला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने की।

अपने संबोधन में सैनी ने कहा कि पूर्व की वक़्फ़ व्यवस्था में पारदर्शिता का सर्वथा अभाव था। कई बार वक़्फ़ बोर्ड के माध्यम से वास्तविक संपत्ति मालिकों की संपत्तियों पर गलत तरीके से दावे किए जाते थे और पीड़ित व्यक्ति के पास न्याय पाने का कोई प्रभावी उपाय नहीं होता था। लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार द्वारा लाए गए वक़्फ़ सुधारों के कारण अब इस व्यवस्था में पारदर्शिता, न्याय और संतुलन आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सुधारों से किसी भी मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति को कोई क्षति नहीं पहुंचेगी, बल्कि यह कदम सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करेगा।

भाजपा नेता ने यह भी बताया कि इस विषय को लेकर पार्टी मुस्लिम समाज की बस्तियों में विशेष जन संपर्क अभियान चलाएगी। छोटी गोष्ठियों से लेकर बड़े स्तर के जन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों को वक़्फ़ सुधार की वास्तविक जानकारी दी जाएगी। खासतौर पर युवाओं और महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए समाज के हर वर्ग तक संवाद पहुंचाया जाएगा।

ज़िला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने जानकारी दी कि 20 अप्रैल से 10 मई तक पूरे गौतमबुद्ध नगर जनपद में वक़्फ़ सुधार को लेकर जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता गाँव-गाँव और घर-घर जाकर लोगों को पत्रक और संवाद के माध्यम से जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और झूठे प्रचार का जवाब तथ्यों के माध्यम से दिया जाएगा।

इस दौरान ज़िला पंचायत अध्यक्ष श्री अमित चौधरी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक गांव में जाकर वक़्फ़ अधिनियम से जुड़े वास्तविक तथ्यों को जन-जन तक पहुँचाएंगे ताकि लोगों को किसी प्रकार की भ्रांति न रहे। उन्होंने कहा कि यह अभियान पार्टी के संगठनात्मक दायित्व के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से ज़िला महामंत्री मनोज गर्ग, धर्मेन्द्र कोरी, देवा भाटी, दीपक भारद्वाज, कार्यक्रम संयोजक पवन रावल, सतेन्द्र नागर, कर्मवीर आर्य, राहुल पंडित, वीरेन्द्र भाटी, सत्यपाल शर्मा, गुरुदेव भाटी, अरुण शर्मा, सुनील भाटी, मुकेश चौहान, अर्पित तिवारी, मनोज शिसोदिया समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

भाजपा का यह अभियान न केवल वक़्फ़ सुधारों की वास्तविक जानकारी लोगों तक पहुँचाने का प्रयास है, बल्कि समाज में फैलाई जा रही ग़लतफ़हमियों को दूर करने की दिशा में एक बड़ा कदम भी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।