सूरजपुर पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (13 दिसंबर 2024): ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बड़ी पुलिस कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया गया। यह मुठभेड़ जैतपुर गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान हुई, जब एक संदिग्ध बाइक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल कर दबोच लिया।

सूरजपुर पुलिस गुरुवार देर रात जैतपुर गोल चक्कर पर नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार व्यक्ति को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोली चला दी और मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए संदिग्ध का पीछा किया। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान अमित पुत्र नंदन साहनी के रूप में हुई है, जो बिहार के बेगूसराय जिले का निवासी है और वर्तमान में हरियाणा के सोनीपत के आदर्श नगर में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, अमित शातिर किस्म का अंतरराज्यीय गांजा तस्कर है और सूरजपुर थाना क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, और एक चोरी की मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर प्लस) बरामद की। यह मोटरसाइकिल भी हाल ही में चोरी की गई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह बदमाश क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय था और कई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। उसकी गिरफ्तारी से न केवल क्षेत्र में अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि उसकी गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों तक पहुंचने का भी रास्ता साफ होगा।

घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी के अन्य साथियों की तलाश जारी है।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।