CM Atishi Press Conference: दिल्ली सरकार ने ‘महिला सम्मान योजना’ को दी मंजूरी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (13 दिसंबर, 2024): दिल्ली सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘महिला सम्मान योजना’ को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री आतिशी ने बताया कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को अक्सर छोटे-मोटे खर्चों के लिए किसी पुरुष पर निर्भर रहना पड़ता है। इस योजना के माध्यम से महिलाओं को उनके हाथों में वित्तीय शक्ति देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा, “सबसे बड़ा सशक्तिकरण तब होता है जब महिलाओं के पास खुद का पैसा होता है।”

किन्हें मिलेगा योजना का लाभ?

महिला सम्मान योजना का लाभ वे महिलाएं ले सकेंगी जिनकी वार्षिक आय 5 लाख रुपये से कम है। योजना के तहत, वे महिलाएं जो इनकम टैक्स देती हैं या सरकारी कर्मचारी (चाहे वे वर्तमान में काम कर रही हों या रिटायर हो चुकी हों), सांसद, विधायक या काउंसलर हैं, इसके लिए पात्र नहीं होंगी।

पिछले कार्यों का जिक्र

मुख्यमंत्री ने इस योजना को दिल्ली सरकार द्वारा महिलाओं के लिए किए गए अन्य कार्यों का अगला चरण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाया ताकि बेटियां भी निजी स्कूल जैसी शिक्षा पा सकें। मोहल्ला क्लिनिक और महिला क्लिनिक जैसी सुविधाएं महिलाओं की सेहत का ख्याल रखने के लिए शुरू की गईं। पिछले पांच वर्षों में फ्री बस सेवा और पिंक टिकट से लाखों महिलाओं को फायदा मिला है।

योजना की शुरुआत

सरकार ने इस योजना के लिए कल सुबह कैबिनेट में फैसला लिया, जिसे शाम को अधिसूचित कर दिया गया। अगले हफ्ते से योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी हो रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन को आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और मजबूत कदम साबित होगी।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।