दिल्ली फायर सर्विस को मिलेगा हाई-टेक मेकओवर: सीएम रेखा गुप्ता और मंत्री आशीष सूद ने किया निरीक्षण
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (25 अप्रैल 2025): दिल्ली सरकार ने राजधानी की फायर सर्विस को आधुनिकतम तकनीक से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आज दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और गृहमंत्री आशीष सूद ने कनॉट प्लेस स्थित दिल्ली फायर सर्विस मुख्यालय का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान गृहमंत्री सूद ने घोषणा की कि दिल्ली फायर सर्विस को विश्व स्तरीय तकनीक और उपकरणों से लैस किया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
गृहमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने इस बार बजट में फायर सर्विस के आधुनिकीकरण के लिए विशेष रूप से 110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस राशि से वॉटर बोसर, हाई-टेक फायर टावर, हज़मत वैन, रोबोट फायर फाइटर, ड्रोन और नए एयरियल लैडर प्लेटफॉर्म जैसे अत्याधुनिक संसाधन खरीदे जाएंगे। गर्मियों में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए ये उपाय बेहद अहम माने जा रहे हैं।
मंत्री सूद ने जानकारी दी कि वर्तमान में दिल्ली में 86 फायर स्टेशन कार्यरत हैं, लेकिन अब सरकार इनकी संख्या बढ़ाने के साथ-साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ियों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस सेवा भी शामिल करने जा रही है। इसका उद्देश्य आग की घटनाओं में घायल होने वालों को तत्काल चिकित्सा सहायता मुहैया कराना है, साथ ही राहत कार्य में लगे दमकल कर्मियों के लिए भी इमरजेंसी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

दिल्ली के संकरे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में राहत कार्य को आसान बनाने के लिए सरकार 100 नई छोटी दमकल गाड़ियां तैनात करेगी, जिससे आग पर तेजी से काबू पाया जा सके। इसके अलावा, दिल्ली फायर डिपार्टमेंट की जर्जर इमारतों को फिर से निर्मित कर उन्हें आधुनिक और विश्व स्तरीय सुविधाओं से युक्त किया जाएगा।
गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” की परिकल्पना को साकार करने के लिए राजधानी दिल्ली की आपदा प्रबंधन सेवाओं को मजबूत करना आवश्यक है। इसी दिशा में काम करते हुए दिल्ली फायर सर्विस को दुनिया की सबसे सुरक्षित और तकनीकी रूप से उन्नत सेवा बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में दिल्ली फायर सर्विस देश की अन्य राज्यों के लिए एक मॉडल के रूप में उभरेगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।