दिल्ली चुनाव: कांग्रेस की प्रत्याशियों की सूची तैयार, महिलाओं और युवाओं को मिलेगा प्रमुख स्थान

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली(13 दिसंबर 2024): आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी पूरी तरह सक्रिय है। कांग्रेस नेता टी.एस. सिंह देव ने पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) बैठक के बाद प्रत्याशियों की सूची को लेकर अहम जानकारी दी।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के चयन के लिए गहन अध्ययन और विश्लेषण किया गया है। “टीम ने काफी स्टडी की है। अच्छे नाम सामने आए हैं। इस सूची में महिलाएं, युवा और अनुभवी नेता शामिल हैं, जो हर परिस्थिति में कांग्रेस के साथ खड़े रहे हैं।”

टी.एस. सिंह देव ने यह भी कहा कि पार्टी ने ऐसे लोगों को प्राथमिकता दी है जो बिना शर्त पार्टी के लिए काम करते रहे हैं। “बिना शर्त चुनाव लड़ने वाले भी कई लोग हैं।” उन्होंने भरोसा जताया कि सूची में ऐसे उम्मीदवार हैं, जो जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरेंगे और कांग्रेस को मजबूती देंगे।

उन्होंने आगे बताया कि जैसे ही पार्टी अध्यक्ष के हस्ताक्षर होंगे, सूची को सार्वजनिक किया जाएगा। पार्टी की इस सूची में संतुलन बनाए रखने की कोशिश की गई है, ताकि हर वर्ग और समुदाय का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।

कांग्रेस के इस कदम से यह साफ है कि वह दिल्ली चुनाव को लेकर पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने जा रही है। अब देखना यह होगा कि यह सूची कांग्रेस के पक्ष में कितना जनसमर्थन जुटाने में सफल होती है।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।