दिल्ली समेत उत्तर भारत में शीतलहर का कहर!
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (13 दिसंबर 2024): दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। राजधानी दिल्ली ने इस सर्दी की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की, जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार, साफ आसमान और पहाड़ी इलाकों से आने वाली बर्फीली हवाएं तापमान में गिरावट का मुख्य कारण हैं। दिल्ली के साथ ही पंजाब, हरियाणा, और बिहार के कई हिस्सों में भी ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इन राज्यों में सुबह और रात के तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल रही है, वहीं घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है।
कश्मीर घाटी में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। गुलमर्ग, सोनमर्ग और जोजिला दर्रे की ऊंची चोटियों पर मध्यम बर्फबारी हुई, जबकि श्रीनगर में अभी तक बर्फबारी नहीं हुई है। शीतलहर के कारण मध्य प्रदेश में भी ठंड चरम पर है। बर्फीली हवाओं ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और स्कूलों के समय में बदलाव किया जा रहा है।
दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। केरल के चार जिलों- कोल्लम, एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में ठंड बढ़ेगी, वहीं दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। उत्तर भारत में अलाव जलाकर लोग ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि दक्षिण भारत में बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।