बाबा साहब की जयंती पर सीएम रेखा गुप्ता बोलीं – बाबा साहब पूरे विश्व के महानायक

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (13 अप्रैल 2025): बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती पर दिल्ली सरकार ने एक भव्य वॉकथॉन का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस आयोजन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और बच्चों की टोली के साथ ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच कदमताल की। उन्होंने इस अवसर पर कहा, “बाबा साहब सिर्फ कहने का नहीं, जीने का व्यक्तित्व थे। उन्हें केवल स्मरण करने से नहीं, बल्कि उनके सिद्धांतों को कर्मों में उतारने से ही सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार बाबा साहब के आदर्शों और मूल्यों को शासन की प्रत्येक नीति में समाहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर तीखा प्रहार भी किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने बाबा साहब के नाम का इस्तेमाल केवल राजनीतिक लाभ के लिए किया और उन्हें एक जाति विशेष तक सीमित कर दिया। “बाबा साहब किसी जाति या दल के नहीं, बल्कि पूरे विश्व के महानायक हैं,” उन्होंने कहा। रेखा गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता बाबा साहब की जयंती पर देश में उपस्थित तक नहीं हैं और उनका यह व्यवहार बाबा साहब के प्रति उनके वास्तविक दृष्टिकोण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, समर्पण और समानता की लड़ाई का प्रतीक है, जिससे पूरी दुनिया को प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बाबा साहब के चरणों में कोटि-कोटि नमन करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि एक संकल्प है। उनके दिखाए गए मार्ग पर चलने का। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से दिल्ली सरकार नई पीढ़ी को बाबा साहब के विचारों से जोड़ने का कार्य कर रही है, ताकि बच्चे समता, शिक्षा और अधिकारों के महत्व को समझें और भविष्य में एक न्यायपूर्ण समाज की दिशा में योगदान दे सकें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।