वक्फ संशोधन विधेयक: भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति का लगाया आरोप
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (01 अप्रैल 2025): वक्फ संशोधन विधेयक 2024 को लेकर संसद में गरमागरम बहस के बीच भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस विधेयक का किसी धर्म विशेष से कोई संबंध नहीं है, लेकिन कांग्रेस ने इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करने की कोशिश की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अतीत में भी वक्फ कानून में संशोधन कर मुसलमानों को गुमराह करने की नीति अपनाई थी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘पहले से तय थी उनकी रणनीति’
निशिकांत दुबे ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “JPC (संयुक्त संसदीय समिति) की 60 बैठकें हो चुकी हैं, और आज भी सदन में अध्यक्ष ने चर्चा के लिए समय देने की बात कही थी। लेकिन विपक्ष पहले से ही मन बनाकर आया था कि उन्हें सिर्फ मुसलमानों को वोट बैंक समझकर संदेश देना है। इसीलिए उन्होंने बिल का विरोध किया। उनकी बुद्धि पर तरस आता है।” भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि वक्फ संशोधन विधेयक 2024 एक अच्छा विधेयक है और यह सभी समुदायों के हित में है। उन्होंने कहा, “इस विधेयक का हिंदू, मुस्लिम, सिख या ईसाई से कोई लेना-देना नहीं है। यह सिर्फ कानूनी और प्रशासनिक सुधारों से जुड़ा है, जिसे विपक्ष जानबूझकर राजनीतिक रंग दे रहा है।”
क्या है वक्फ संशोधन विधेयक 2024?
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के प्रशासन और प्रबंधन में पारदर्शिता लाना है। सरकार का दावा है कि इससे अनियमितताओं पर लगाम लगेगी और संपत्तियों का सही इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाएगा। हालांकि, विपक्ष का कहना है कि इस विधेयक से अल्पसंख्यक समुदायों की धार्मिक संपत्तियों पर असर पड़ सकता है, जिसे लेकर वह विरोध जता रहा है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस और विपक्षी दल सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए इस बिल का विरोध कर रहे हैं, जबकि यह विधेयक किसी भी समुदाय के खिलाफ नहीं है। भाजपा नेता निशिकांत दुबे के बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार इसे किसी भी हाल में पास कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अब देखना यह होगा कि आगे संसद में इस पर क्या रुख अपनाया जाता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।