बिना इकोनॉमिक सर्वे के कैसे बना बजट?, नेता विपक्ष आतिशी का बीजेपी सरकार पर सवाल
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (25 मार्च, 2025): दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष आतिशी ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना इकोनॉमिक सर्वे के आखिर दिल्ली का बजट कैसे तैयार किया गया।
आतिशी ने कहा, “हमारे देश में संसद में बजट पेश करने से एक दिन पहले इकोनॉमिक सर्वे जारी किया जाता है। इससे अर्थव्यवस्था के मुख्य आंकड़े सामने आते हैं।” उन्होंने बताया कि दिल्ली की अर्थव्यवस्था से जुड़े सभी आंकड़े पिछले सर्वे में मौजूद हैं, जिनमें राज्य का GDP, पर कैपिटा इनकम, टैक्स कलेक्शन ट्रेंड्स और खर्च की प्रवृत्तियां शामिल हैं।
आतिशी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “यह सर्वे बजट बनाने की नींव रखता है, लेकिन दिल्ली सरकार बिना इसके ही बजट पेश कर रही है। मैं हैरान हूं कि सरकार को बजट बनाना आता भी है या नहीं?”
उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया, “अगर हमें पता ही नहीं है कि दिल्ली के लोग अपनी आय से क्या खर्च कर रहे हैं, उनकी जरूरतें क्या हैं, तो हम बजट कैसे बनाएंगे?”
आतिशी ने दावा किया कि जब विपक्ष ने इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाही, तो विधानसभा स्थगित कर दी गई। उन्होंने कहा, “मैं जानना चाहती हूं कि ऐसा क्या है जो भाजपा सरकार छुपाना चाह रही है?”
दिल्ली सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए आतिशी ने कहा, “दिल्ली का बजट खीर बांटने से नहीं बनता, यह आंकड़ों के आधार पर बनता है। मुझे शक है कि शायद दिल्ली की मुख्यमंत्री ने सर्वे या आंकड़े देखे ही नहीं।”
आखिर में उन्होंने भाजपा सरकार को चुनौती देते हुए कहा, “दिल्ली के लोगों ने आपको जनादेश दिया है, लेकिन भाजपा सिर्फ अरविंद केजरीवाल और AAP को गाली देने में व्यस्त है।”
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।