दिल्ली पुलिस के साहसिक ऑपरेशन में चार बदमाश गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (18 मार्च 2025): दिल्ली पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए जैतपुर इलाके में एक बड़ा ऑपरेशन अंजाम दिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चार संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ एक ब्रेज़ा कार (DL8CAP5299) में घूम रहे हैं और नाला रोड, अर्पण विहार की ओर आ सकते हैं। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए बदरपुर सब-डिवीजन पुलिस ने लोहिया पुल पर बैरिकेडिंग लगा दी। रात 12:10 बजे जब संदिग्ध कार वहां पहुंची, तो पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान कार में बैठे एक व्यक्ति ने पिस्टल निकाल ली, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए गाड़ी के अगले टायर पर गोली चला दी, जिससे गाड़ी वहीं रुक गई और पुलिस ने चारों बदमाशों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, जिसमें दो अवैध पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे किसी अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और हथियार मैनपुरी से खरीदे गए थे। पुलिस ने आरोपियों की पहचान भी कर ली है। गिरफ्तार बदमाशों में निशांत नागर उर्फ निशु (29 वर्ष), विक्की गुर्जर (27 वर्ष), कुणाल उर्फ गोलू (25 वर्ष) और अंकुर (27 वर्ष) शामिल हैं। इनमें से तीन लोग डेयरी फार्म में काम करते हैं, जबकि एक टेंपो चालक है। इन चारों पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस पूरी कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिल्ली पुलिस के इस साहसिक ऑपरेशन को देखा जा सकता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह ऑपरेशन राजधानी में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है। बदमाशों की गिरफ्तारी से संभावित अपराध को टालने में सफलता मिली है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क और अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों का पता लगाया जा सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।