ग्रेटर नोएडा, (17 मार्च 2025): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 16 मार्च को उत्तर प्रदेश में विभिन्न जिलों के नए जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा की। इसी कड़ी में गौतमबुद्ध नगर से पूर्व जिला मंत्री एवं युवा मोर्चा के जिला महामंत्री रह चुके अभिषेक शर्मा को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
कौन हैं अभिषेक शर्मा?
अभिषेक शर्मा का जन्म 27 अगस्त 1984 को हुआ था। उन्होंने विधि (एलएलबी) की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक लॉ कंसल्टिंग फर्म में व्यवसाय किया। उनका पारिवारिक संबंध राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से रहा है। उनके दादा, स्वर्गीय डॉक्टर ओम प्रकाश शर्मा, संघ के जिला संघचालक रहे थे, जबकि उनके पिता, डॉक्टर राजेश्वर दत्त शर्मा, आरएसएस के दादरी नगर के संघ चालक रहे हैं। पारिवारिक पृष्ठभूमि से प्रेरणा लेते हुए अभिषेक शर्मा ने 1998 में आरएसएस से जुड़कर आईटीसी वर्ग का प्रशिक्षण प्राप्त किया और बाल्यकाल से ही स्वयंसेवक के रूप में सक्रिय रहे।
राजनीतिक सफर
अभिषेक शर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के साथ कार्य करना शुरू किया। 2002 से 2006 के बीच वे एबीवीपी में जिला प्रमुख, विभाग प्रमुख और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कार्यरत रहे। इसके बाद 2006 में उन्हें भाजपा युवा मोर्चा का जिला मंत्री बनाया गया। 2008 में वे भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य बने और 2011 में भाजपा गौतमबुद्ध नगर के जिला मंत्री के रूप में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
अभिषेक शर्मा ने 2012 के विधानसभा चुनाव, 2014 के लोकसभा चुनाव, 2017 के विधानसभा चुनाव, 2019 के लोकसभा चुनाव, 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाई। चुनावी अभियानों और पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में उनकी भूमिका हमेशा प्रभावशाली रही। वे हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में निपुण हैं और उन्होंने डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में भी अपनी प्रैक्टिस की है।
बीजेपी में मजबूत पकड़
गौतमबुद्ध नगर में अभिषेक शर्मा लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं और संगठन के लिए महत्वपूर्ण कार्य करते आ रहे हैं। उनकी मजबूत पकड़ और समर्पण को देखते हुए ही पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। सूत्रों के मुताबिक, वे गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद डॉ. महेश शर्मा के करीबी माने जाते हैं।
उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है, और पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में गौतमबुद्ध नगर में भाजपा और अधिक मजबूत होगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।