रोहतास में दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाला ‘दामाद’ नोएडा से गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (6 जून 2025): बिहार के रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र में हुए एक दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी नाजिम हुसैन उर्फ रवि चौधरी ने अपनी सास और दो नाबालिग बेटियों पर धारदार हथियार (बलकटी) से हमला कर दिया था। इस हमले में सास सरस्वती देवी और एक बेटी रूपाली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी अमृता गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रही है।

नोएडा में छिपा बैठा था आरोपी

घटना के बाद आरोपी नाजिम नोएडा भाग आया था और यहां के फेज-2 थाना क्षेत्र में छिपकर रह रहा था। बिहार पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर नोखा थाना पुलिस की टीम नोएडा पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन अभियान के तहत पुलिस को उसकी मौजूदगी का सुराग मिला था। गिरफ्तार करने के बाद नोखा पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर बिहार ले गई है, जहां आगे की पूछताछ जारी है।

हत्या की वजह: संपत्ति विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस खौफनाक घटना के पीछे पारिवारिक संपत्ति का विवाद मुख्य कारण था। जानकारी के मुताबिक, सरस्वती देवी की आठ बेटियां और एक बेटा था। उनका बेटा मात्र चार साल की उम्र में रहस्यमय हालात में लापता हो गया था और अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।

सरस्वती देवी की कुछ जमीन अधिग्रहित की गई थी, जिसके बदले उन्हें मुआवजा राशि मिलनी थी। नाजिम अपनी सास पर उस जमीन को अपने नाम करने का दबाव बना रहा था। जब सरस्वती देवी ने उसकी मांग को मानने से इनकार कर दिया, तो यह विवाद हिंसक रूप में बदल गया। गुस्से में आकर नाजिम ने सरस्वती और उनकी दो बेटियों पर बलकटी से हमला कर दिया।

आरोपी के खिलाफ पहले से थी शिकायतें

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी नाजिम के स्वभाव में हिंसा पहले से ही थी। वह अक्सर अपने ससुराल वालों से झगड़ा करता रहता था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उसके बेटे के रहस्यमय गायब होने में कहीं नाजिम का हाथ तो नहीं है।

जांच जारी, अन्य एंगल भी खंगाल रही है पुलिस

बिहार पुलिस अब आरोपी से विस्तार से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या इस हत्या में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या उसने अकेले ही इस वारदात को अंजाम दिया। इस निर्मम हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग सदमे में हैं और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।