पार्सल पहुंचाने के बाद महिला को करने लगा निजी मैसेज, डिलीवरी राइडर पर छेड़छाड़ का आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (09/09/2026): ऑनलाइन डिलीवरी सेवा से जुड़ी एक महिला ग्राहक ने डिलीवरी राइडर पर निजी नंबर पर आपत्तिजनक तरीके से संदेश भेजने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, पार्सल पहुंचाने के बाद राइडर ने पहले उनका हालचाल पूछा और फिर बिना किसी निजी बातचीत के उन्हें ‘I Love You’ मैसेज भेज दिया।

नोएडा निवासी गीतिका श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने रैपिडो की पोर्टर सेवा के जरिए पार्सल मंगाया था। डिलीवरी पूरी होने के बाद राइडर ने उनके निजी मोबाइल नंबर पर संदेश भेजना शुरू किया। लगातार निजी मैसेज आने से परेशान महिला ने बातचीत का स्क्रीनशॉट सुरक्षित किया और राइडर को दोबारा संपर्क नहीं करने की चेतावनी दी।

महिला का आरोप है कि पुलिस में शिकायत करने की बात कहने के बावजूद राइडर ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उसने कथित तौर पर महिला से कहा कि वह रैपिडो में शिकायत कर सकती हैं। इसके बाद महिला ने पूरे मामले की जानकारी स्क्रीनशॉट के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर साझा की और कंपनी की ग्राहक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।

पोस्ट सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। महिला ने सवाल किया कि डिलीवरी के लिए उपलब्ध कराए गए ग्राहक के नंबर का इस्तेमाल निजी बातचीत के लिए कैसे किया जा सकता है और कंपनी अपने डिलीवरी पार्टनर्स के व्यवहार पर किस तरह निगरानी रखती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ाती हैं।

मामले पर रैपिडो की ओर से महिला से माफी मांगी गई है। कंपनी ने कहा कि ग्राहकों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा उसके लिए महत्वपूर्ण है और संबंधित डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के व्यवहार को लेकर सामने आई शिकायत का संज्ञान लिया गया है। फिलहाल महिला की ओर से साझा किए गए आरोपों के आधार पर मामला सामने आया है और आगे की कार्रवाई को लेकर कंपनी के स्तर पर जानकारी सामने आना बाकी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।