दिल्ली में गिरफ्तार हुआ लॉरेंस बिश्नोई गैंग का वांटेड शूटर, रंगदारी के लिए की थी फायरिंग

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (18 January 2026): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजस्थान पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक वांटेड शूटर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 23 वर्षीय प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से आगरा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह काफी समय से दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में छिपकर रह रहा था और वहीं से गैंग से जुड़ी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

दिल्ली क्राइम ब्रांच की एंटी-गैंगस्टर स्क्वाड (AGS) को गैंगस्टरों की गतिविधियों पर निगरानी के दौरान 16 जनवरी को आरोपी की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद राजस्थान पुलिस के साथ तालमेल कर उत्तम नगर में छापा मारा गया और प्रदीप उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को आगे की जांच के लिए राजस्थान पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां उससे गैंग से जुड़े अन्य मामलों में पूछताछ की जाएगी।

जांच में सामने आया है कि मार्च 2025 में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के जवाहर नगर इलाके के एक व्यापारी से 4 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। जब व्यापारी ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो गैंग के निर्देश पर प्रदीप गोलू ने अपने साथियों के साथ मिलकर मई 2025 में व्यापारी के घर पर फायरिंग की थी। इस घटना के बाद वह गैंग के लिए वांटेड शूटर के तौर पर काम कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, जमानत पर बाहर आने के बाद भी प्रदीप ने आपराधिक गतिविधियां नहीं छोड़ीं और वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अन्य सदस्यों को अवैध हथियार और गोला-बारूद की सप्लाई करने लगा। हाल ही में राजस्थान पुलिस द्वारा गैंग के चार सदस्यों को हथियारों के बड़े जखीरे के साथ गिरफ्तार किया गया था, जिसकी जांच में सामने आया कि इन हथियारों की सप्लाई प्रदीप उर्फ गोलू ही कर रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गैंग के नेटवर्क को तोड़ने में जुटी हुई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।